ेयमगंज स्थित चीनी मिल में ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना उतारते किसान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। चार दिन पेराई के बाद गन्ने के अभाव में चीनी मिल गुरुवार को बंद हो गई। मिल को लगातार चलाने के लिए गन्ना एकत्र किया जा रहा है। गन्ने की आवक बढ़ाने के लिए दोगुनी पर्चियां जारी कर दी गई हैं।
19 नवंबर को चीनी मिल में नए सत्र का शुभारंभ होने के बाद सोमवार दोपहर बाद पेराई कार्य शुरू हुआ। इसके बाद रुक-रुककर चार दिन पेराई कार्य चला। इस दौरान 11 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई हो गई। इससे चीनी भी निकाल ली गई है। साफ-सुथरी अच्छी किस्म की चीनी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही चीनी का साइज सेट किया जा रहा है। 12500 क्विंटल दैनिक पेराई करने वाली चीनी मिल को क्षमता के अनुरूप गन्ना नहीं मिल पा रहा है। शुभारंभ के दिन मिल प्रशासन ने गन्ना आपूर्ति के लिए 36 हजार क्विंटल गन्ने के लिए पर्चियां जारी कीं थीं। अब इसके दोगुने जारी कर दिए गए हैं।
सीसीओ प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मिल को पर्याप्त गन्ना नहीं मिल पा रहा है। शायद किसान गेहूं व सरसों की बुवाई में व्यस्त हैं। सभी गन्ना किसानों से अपील है कि वे समय से गन्ना उपलब्ध कराएं, जिससे मिल को लगातार चलाया जा सके। उन्होंने बताया कि मिल चलाने के लिए गन्ना एकत्र किया जा रहा है। जल्द ही पर्याप्त गन्ना आने की उम्मीद है।