फर्रुखाबाद। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मौत से पहले बंदी शिवम ने जेलर पर गोली मारने का आरोप लगाया था। उसने दो और जेल अधिकारियों के नाम भी लिए थे। बंदी को गोली मारने की पुष्टि के लिए लोहिया अस्पताल में शव का एक्सरे कराया गया।
इसके बाद शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया गया। शिवम के पिता मुन्ना लाल और कुछ रिश्तेदार भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पिता रात में पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि दिन में शव का पोस्टमार्टम किया जाए। इसके चलते देर रात पोस्टमार्टम को लेकर जद्दोजहद चलती रही। एसपी ने बताया कि शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सूत्रों के अनुसार एक्सरे में गोली लगने की पुष्टि हुई है। पर कोई अधिकारी व डॉक्टर इस पर बोलने को तैयार नहीं है।