कमालगंज। पत्नी व बच्चे के साथ घर जा रहे सैनिक के साथ जबरन टेंपो पर बैठने से मना करने पर दबंगों ने मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गंगापार क्षेत्र के गांव नवादा महमदगंज निवासी सैनिक अजीत सिंह ने खुटिया निवासी अनुज, सुशील, अमित, चंद्रप्रकाश व कड़हर निवासी सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि उसके तीन वर्षीय पुत्र मयंक का इलाज लखनऊ स्थित आर्मी हॉस्पिटल में चल रहा है। मंगलवार को वह पुत्र को दवा दिलाकर पत्नी मंजू के साथ घर जा रहा था। हरपालपुर से वह टेंपो को बुक कर गांव जा रहा था। शाम करीब पांच बजे वह कड़हर तिराहे पर पहुंचा तो वहां खड़े अनुज व सुशील ने टेंपो रुकवाया और अंदर बैठने लगे।
चालक ने उन्हें बताया कि टेंपो पूरा बुक कर लिया गया है। इस पर आरोपी गालीगलौज करने लगे। सैनिक ने गालीगलौज का विरोध किया तो अनुज ने अपने साथियों को बुला लिया और लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। पत्नी मंजू ने बचाया तो उसे भी पीट दिया। बुधवार को पुलिस ने सैनिक का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया।