फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लंबी लाइन में थकीं, घिसट कर पहुंचीं पर्चा काउंटर

विज्ञापन
लोहिया अस्पताल में फिजीशियन कक्ष के अंदर लगी भीड़। संवाद - फोटो : FARRUKHABAD
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। नगरों से लेकर गांवों तक बुखार हाहाकार मचाए है। लोहिया अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइनें लग रही हैं। शुक्रवार को भी छह सौ से अधिक मरीजों ने पर्चे बनवाए। लाइन लंबी होने से कई अधेड़ उम्र व बच्चे लेकर आईं महिलाएं थककर बैठ गईं और घिसटकर खिड़की तक पहुंचीं। लाइन में करीब आधे मरीज बुखार, खांसी, उल्टी व दस्त से पीड़ित थे।
विज्ञापन

लोहिया अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार सुबह से ही लंबी लाइन लग गई। कई महिलाएं गोद में बच्चा लेकर आईं थीं। कुछ अधेड़ उम्र महिलाएं भी पर्चा बनवाने की लाइन में लगी थीं। लाइन में काफी पीछे लगी ये महिलाएं खड़े खड़े थक गईं तो वहीं बैठ गईं। इसके बाद घुटनों के बल घिसट-घिसटकर पर्चा काउंटर की ओर बढ़ती रहीं। काफी देर बाद उनका नंबर आया।
ओपीडी में 666 मरीजों ने पर्चे बनवाए। इनमें 250 से अधिक मरीज बुखार, खांसी, जुकाम, उल्टी और दस्त से पीड़ित थे। फिजीशियन डॉ. अशोक कुमार ने बुखार से पीड़ित मरीजों को देखा। डॉ. अशोक ने बताया कि डेंगू, मलेरिया के फैलने जैसे हालात नहीं हैं। सौ में एक-दो रोगियों को ही मलेरिया निकल रहा है। ज्यादातर मरीज वायरल से पीड़ित हैं। वायरल मौसम बदलने की वजह से है। लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मच्छर से बचाव रखें और ठंडा पानी न पीयें। अस्पताल में मलेरिया और डेंगू रोग की दवाएं पर्याप्त मात्रा में हैं।
विज्ञापन

हाथ जोड़कर बोलीं, हे भगवान कोई डॉक्टर को दिखा दे
हरदोई जिले के गांव नसौड़ी निवासी बीमार शकुंतला देवी भी लोहिया अस्पताल दवा लेने पहुंचीं थीं। उन्हें दो दिन से बुखार और उल्टी की शिकायत है। एक घंटे लाइन में लगने के बाद पर्चा बन पाया। फिजीशियन के कक्ष के बाहर भी भीड़ होने की वजह से वह हिम्मत नहीं जुटा पाईं। शकुुंतला मनोचिकित्सक के कमरे के बाहर बरामदे में जमीन पर बैठ गईं। हाथ जोड़कर मन में कुछ कह रही थीं। पूछा तो कहा कि हे भगवान कोई डाक्टर को दिखा दे। बोलीं, भीड़ कम होने पर डॉक्टर के पास जाएंगी।
बच्चे में डेंगू की पुष्टि
शहर से सटे गांव ढिलावल निवासी प्रमोद कुमार के पुत्र सूर्यकांत (10) और शिवकांत (7) को 10 दिन पहले बुखार आया था। दूसरे दिन दोनों को उल्टी, दस्त शुरू हो गए। दोनों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया। दोनों बच्चों की डेंगू की जांच कराई गई। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में शिवकांत में डेंगू की पुष्टि हुई। बच्चे को डेंगू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें