अफरोज बेगम के गमगीन बैठे परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। डेंगू व वायरल बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को एक किशोरी की डेंगू से मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं बुखार से पीड़ित कस्बा की ही एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कस्बा के मोहल्ला घटियापुर निवासी निवासी अपशार खां की 15 वर्षीय पुत्री समरीन को रविवार शाम को बुखार आने पर परिजनों ने स्थानीय नर्सिंग होम पर दवा दिलाई थी। सोमवार को हालत बिगड़ी तो फर्रुखाबाद के एक नर्सिंग होम में ले गए। समरीन के चाचा अनवार खां ने बताया कि वहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन मंगलवार को उसे इलाज के लिए कानपुर के गए। वहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया। मां नरगिस रो-रो कर बेहाल हो गई। समरीन के छह भाई व दो बहनें हैं।
इसके अलावा कस्बा के मोहल्ला बाजार मंडी निवासी मकसूद अपने बेटे सोहिल के साथ जयपुर में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी अफरोज बेगम (40) दो बेटियों के साथ घर पर रहती थीं। अफरोज को मंगलवार सुबह बुखार आया था। इस पर उन्होंने कस्बा में ही नर्सिंग होम से दवा ले ली थी। हालत में सुधार न होने पर मोहल्ले के लोग उन्हें फर्रुखाबाद स्थित नर्सिंगहोम में ले गए। वहां उन्हें भर्ती करा दिया। वहां इलाज के दौरान बुधवार दोपहर मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मकसूद तीन दिन पूर्व ही यहां से जयपुर गए थे। उन्हें सूचना दे दी गई है। सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। सीएचसी अधीक्षक से जानकारी करेंगे और वहां टीम भेजकर दवा वितरित कराई जाएगी।