फर्रुखाबाद के कायमगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने नियमित कर्मचारी महिला प्वाइंटमैन की जगह काम करते मिले दूसरे व्यक्ति को झंडी दिखाते समय पकड़कर नियमितकर्मी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। फर्जी प्वाइंटमैन पांच वर्ष से स्टेशन पर झंडी दिखा रहा था। इस मामले में महिला कर्मी के साथ ही स्टेशन मास्टर को भी निलंबित कर दिया गया है।
कासगंज जिले के सहावर थाना के गांव सादिकापुर निवासी रामबेटी कायमगंज स्टेशन पर प्वाइंटमैन के पद पर तैनात थी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) इंस्पेक्टर और रेलवे की क्राइम ब्रांच इज्जतनगर के इंस्पेक्टर सतेंद्र पाल सिंह ने गुरुवार को नियमित कर्मी रामबेटी की जगह ट्रेनों को एक अन्य पुरुष को झंडी दिखाते हुए कई वीडियो बनाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने नाम हरिनाथ निवासी अल्हापुर, कायमगंज बताया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार के अनुसार हरिनाथ कायमगंज रेलवे स्टेशन पर ही ठेके पर नलकूप ऑपरेटर का भी कार्य करता रहा है। वह पांच साल से रामबेटी की जगह प्वाइंटमैन की वैध रूप से ड्यूटी कर रहा था। इसके एवज में रामबेटी उसे 7 हजार रुपये महीने देती थी। हरिनाथ की गिरफ्तारी की खबर के कुछ देर बाद ही रामबेटी स्टेशन पहुंची और रजिस्टर पर अपने दस्तखत कर दिए। आरपीएफ ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
रामबेटी ने आरपीएफ को बताया कि हरिनाथ को झंडी दिखाने के एवज में 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से देती थी। आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रेल सुरक्षा से खिलवाड़ करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, डीआरएम के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि नियमित महिलाकर्मी रामबेटी और स्टेशन मास्टर विमल कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया गया है।