शहर के मोहल्ला खटकपुरा इज्जत खां में पथराव के बाद पड़ीं ईंटें। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। गाली देने के विरोध में दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की। मोहल्ले के लोगों के दौड़ाने पर हमलावर पथराव व हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खटकपुरा इज्जत खां निवासी मुन्ने खां ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात दरवाजे के सामने कुछ युवक गालियां दे रहे थे। विरोध करने पर दबंग धमकी देकर चले गए। शनिवार सुबह वही युवक 40-50 लोगों के साथ उनके घर में जबरन घुस आए और बहू, पुत्र के साथ मारपीट की।
चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आए, तो दबंगों ने पथराव कर दिया। भागते वक्त दबंगों ने तमंचे से फायरिंग भी की। सूचना के बाद भी दोपहर तक पुलिस नहीं पहुंची। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंची। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फायरिंग की बात गलत है।