रिश्तेदार के घर पर खड़ी कार का शीशा तोड़ कर चोर नोट भरा थैला चोरी कर ले
गए। दिनदहाड़े हुई चोरी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
थाना जहानगंज के गांव न्यामतपुर ठाकुरान निवासी राघवेंद्र सिंह जमीन का
बैनामा करने के लिए सदर तहसील आ रहे थे। राघवेंद्र सिंह अपने रिश्तेदार
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला गीतापुरम निवासी गनेश कुमार को बुलाने के लिए
कार से पहुंचे।
घर के पास कार को खड़ा कर शीशे बंद कर दिए थे। गाड़ी में
नोटों भरा थैला रखा हुआ था। राघवेंद्र सिंह रिश्तेदार को बुलाने चले गए और
पीछे से चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ कर थैला चोरी कर लिया। कुछ समय बाद
जब वह लौट कर आए तो गाड़ी का शीशा टूटा देख घटना की जानकारी हुई। रुपयों के
चोरी हो जाने की जानकारी पर आसपास के लोग भी आ गए। सूचना पर दरोगा एसके
भारद्वाज मौके पर जा पहुंचे और जांच पड़ताल की।
राघवेंद्र सिंह ने बताया कि
गाड़ी में 2.75 लाख रुपए रखे हुए थे। वह बैनामा के लिए रुपयों को लेकर आए
हुए थे। लाखों की चोरी होने पर ग्रामीण ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।