फर्रुखाबाद। पातीराम धर्मशाला के कमरों का ताला तोड़कर सामान चोरी कर कब्जा करने के मामले में कोर्ट ने फतेहगढ़ कोतवाल को 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
कानपुर नगर जिले के थाना कोहना मोहल्ला 339 विष्णुपुरी निवासी सुशील अग्रवाल ने कोर्ट में फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला रंगसजान निवासी दिनेश अग्रवाल, नगला दीना निवासी पप्पू यादव, अख्तर पेंटर व 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया।
इसमें आरोप लगाया कि वह पातीराम धर्मशाला एवं कैंसर रिसर्च सेंटर के ट्रस्टी हैं। एक जनवरी 2021 को यह लोग धर्मशाला के कार्यालय के कमरों के ताले तोड़कर सामान चोरी करके ले जा रहे थे। गोपाल व संतवीर ने इन्हें रोका, लेकिन ये लोग नहीं माने।
इन लोगों ने कार्यालय के कमरों पर ताला डालकर कब्जा कर लिया है। 29 दिसंबर को इन लोगों के खिलाफ एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
कोर्ट ने पूरे मामले की सुनवाई के बाद फतेहगढ़ कोतवाल को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।