फर्रुखाबाद। चाचा जवाहर लाल नेहरू की जयंती बाल दिवस पर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। किसी स्कूल में बच्चों ने केक काटा तो किसी में मेला लगाया गया। रैली भी निकाली गई।
शहर की आवास विकास कालोनी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में बाल मेला लगाया गया। चाट, टिक्की, आइस्क्रीम, पॉपकान आदि के स्टाल लगाने के साथ झूले भी लगाए गए। बच्चों ने मेले का आनंद लिया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढिलावल में बच्चों ने चाचा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर केक काटा। प्रधानाध्यापक पुष्पलता यादव, रिचा सिंह, प्रदीप यादव मौजूद रहे।
कायमगंज के एपी पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच तक के बच्चों की नींबू रेस, थ्री लेग रेस, साइकिल रेस, सौसर रेस, म्यूजिकल चेयर रेस, कोन पिक रेस, हुला, हूप्स प्रतियोगिता कराई गई। नर्सरी की तृषा रस्तोगी, उज्जवल दुबे, जयस गंगवार, हार्दिक पाठक, हर्ष, अंश, आर्यन, लक्ष्य, अयांश, नितयांश, अभिनव, आर्येंद्र चाचा नेहरू की पोशाक में आए थे। केक भी काटा गया। प्रधानाचार्य अंजली पांडेय ने बच्चों को चॉकलेट बांटीं। पल्लवी गुप्ता, प्रबंध कमेटी के अशोक रस्तोगी, प्रदीप रस्तोगी, आयुष रस्तोगी,आकाश रस्तोगी मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय नवाबगंज में प्रधानाध्यापक संजीव रंजन ने बच्चों के साथ रैली निकाली। बाद में बच्चों को टॉफी, बिस्कुट दिए गए। प्राथमिक विद्यालय नया गनीपुर में प्रशांत कटियार, प्राथमिक विद्यालय नगला झब्बू सिंह में प्रवीन कुमार, जोगपुर में संगीता कुमारी ने बाल दिवस मनाया।
आधुनिक भारत के निर्माता थे पंडित नेहरू
कायमगंज। नगर के मोहल्ला सदबाड़ा में विश्व बंधु परिषद ने गोष्ठी का आयोजन किया। अध्यक्ष प्रो रामबाबू मिश्रा ने कहा विभाजन की विभीषिका से गुजरे भारत देश को अपने नेतृत्व से एकता के सूत्र में बांधे रखने का श्रेय पंडित नेहरू की सेकुलर नीति व वैज्ञानिक सोच को जाता है। उन्होंने कहा नेहरू ने यूरोप के विकसित देशों की तर्ज पर भारत में औद्योगिकरण की नींव रखी। शक्तिशाली देशों की खेमेबाजी से अलग कर्नल नासिर व मार्शल टीटो जैसे दिग्गज नेताओं के साथ गुट निरपेक्ष आंदोलन चलाया। पवन बाथम, बी एस तिवारी ने भी विचार रखे। (संवाद)
चाइल्डलाइन से दोस्ती सप्ताह का शुभारंभ
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने केक काटा और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से चाइल्ड लाइन से दोस्ती सप्ताह का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को हिंसा व दुर्व्यवहार बर्दाश्त न करने का संकल्प दिलाया। सहयोग के लिए 1098 पर फोन पर सूचना देने की सलाह दी। बच्चों ने जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र व पुलिस कर्मियों को रिबन बांधा।
बच्चों ने कहा कि मुसीबत आने पर 1098 पर काल कर सहायता लेंगे। चाइल्ड लाइन इकाई निदेशक डॉ.जितेंद्र चतुर्वेदी, समन्वयक रजनी चतुर्वेदी, व परामर्शदाता शिखर सक्सेना ने बताया कि दोस्ती सप्ताह में 20 नवंबर तक ब्लाक, सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रमों कर लोगों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अल्ताफ अली, अरविंद कुमार, मणि मिश्रा, रोहित सक्सेना, शिवम दीक्षित, आबिद मंसूरी आदि मौजूद रहे। (संवाद)