अयोध्या। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जिले के 2168 मतदान स्थलों पर एक साथ शिविर का आयोजन किया गया। जहां सुबह से ही बीएलओ तैनात रहे।
केंद्रों पर नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने व संशोधन आदि तमाम गतिविधियां संपन्न कराई गईं। इस दौरान केंद्रों पर मतदाता बनने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।
पहली बार मतदान का अधिकार प्राप्त करने जा रहे युवाओं ने आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने का संकल्प लिया और हर किसी से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
वहीं, अधिकारियों ने भी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकांश बूथों पर व्यवस्थाएं सुचारु रूप से मिलीं। कहीं-कहीं बीएलओ अनुपस्थित रहे, जिन पर कार्रवाई करने की बात कही गई।
विकास खंड मवई के रानीमऊ बूथ पर रुदौली तहसीलदार प्रज्ञा सिंह ने निरीक्षण किया। मौजूद अधिकारी एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु का कोई भी युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे, इसका ध्यान रखा जाए।
बताया गया कि बूथ पर फॉर्म संख्या 6 के 100 व फॉर्म आठ के 135 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इस मौके पर पदाविहित अधिकारी रामदुलारे अवस्थी, बीएलओ धर्मेंद्र कुमार, लज्जावती आदि मौजूद रहे।
जीजीआईसी में बने पोलिंग बूथ पर पांच बीएलओ मौजूद थे। यहां पर्याप्त मात्रा में फॉर्म-6 व 8 उपलब्ध था। अपराह्न 11:54 बजे तक यहां 24 फॉर्म भरे जा चुके थे। बीएलओ आराधना गौतम ने बताया कि उत्साह के साथ लोग आवेदन कर रहे हैं।
शहर के मनोहर लाल इंटर कॉलेज में बने बूथ पर सभी पांच बीएलओ उपस्थित रहे। नाम संशोधन कराने और नए नाम बढ़वाने वालों की संख्या अधिक रही। बीएलओ माला ने बताया कि सायंकाल तक यह सिलसिला चलता रहा।
प्राथमिक विद्यालय तारुन में पूर्वाह्न करीब 11 बजे बूथ संख्या 227, 228, 229 पर बीएलओ दयावती वर्मा, आलोक कुमार वर्मा व शीला उपस्थित मिलीं। बताया कि नए मतदाता बनने, संशोधन व विलोपन के 14 फॉर्म भरे गए हैं।
तारुन के प्राथमिक विद्यालय टिकरी के बूथ संख्या 286 व 287 पर बीएलओ नीतू सिंह व रमा सिंह उपस्थित मिलीं। प्रधानाध्यापक अखिलेश यादव ने बताया कि 11 बजे तक नए मतदाता बनने के छह फॉर्म जमा किए गए हैं।
सोहावल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गौहनिया में बीएलओ शैलेंद्र वर्मा, देवराज वर्मा उपस्थित रहे। यहां दोपहर तक तीन नए मतदाता व संशोधन के लिए सात लोगों ने आवेदन किया था।
कोला प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ साइफ्ता बेगम मौजूद रहीं। यहां नए मतदाता के एक व संशोधन के दो फॉर्म जमा किए गए थे। दोनों बूथों पर पहुंचे नए मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा।
मतदान केंद्रों पर नए मतदाता के रूप में आवेदन कर रहे युवाओं में खासा उत्साह दिखा। पहली बार मतदान का अधिकार प्राप्त कर रहे युवा मतदाताओं ने खुशी जाहिर कर सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की।
जीजीआईसी में पहुंचे हौसलानगर निवासी सुधांशु कनौजिया ने कहा कि हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी हो रही है। इस बार मतदान करने का सुअवसर मिलेगा।
मनोहर लाल इंटर कॉलेज पहुंचे टकसाल के मोहम्मद सईद, महाजनी टोला की मुस्कान गौतम व कंधारी बाजार के आदित्य श्रीवास्तव ने कहा कि आगामी वर्ष में ही महा अवसर मिलने वाला है।
पहली बार मतदान करने को लेकर जेहन में काफी उत्सुकता है। हर किसी को मौका मिलते ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर ने शहर के अनिल सरस्वती विद्या मंदिर, अनिल सरस्वती शिशु मंदिर फैजाबाद, श्याम सुंदर सरस्वती इंटर कॉलेज, डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज देवकाली, प्राथमिक विद्यालय भीखापुर, प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर माफी के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह की मौजूदगी में तहसील सदर के मतदाता पंजीकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। बीकापुर विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय मुमताजनगर, प्राथमिक विद्यालय कोटसराय, प्राथमिक विद्यालय जगनपुर, जन समाज विद्यापीठ इंटर कॉलेज, देवराकोट के मतदान स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम जयजीत कौर मिश्रा भी मौजूद रहीं।
रुदौली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रानीमऊ, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गनौली, प्राथमिक विद्यालय, कूढ़ासादात का निरीक्षण एसडीएम रुदौली स्वप्निल कुमार यादव की मौजूदगी में किया गया।
सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ/पदाभिहित अधिकारी व संबंधित सुपरवाइजर उपस्थित मिले। पर्याप्त संख्या में समस्त फार्म भी उपलब्ध रहे। निरीक्षण के समय उन्होंने बीएलओ से उनके मतदेय स्थल के मतदाता, लिंग अनुपात, 18-19 वर्ष आयु के युवा मतदाता, महिला मतदाता, दिव्यांग मतदाता एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के संबंध में जानकारी ली।
अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि 18-19 वर्ष आयु के मतदाता, महिला मतदाता एवं दिव्यांगजनों को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने के लिए विशेष बल दिया जाए। कहा कि निर्वाचक नामावली में मृतक, शिफ्टेड मतदाताओं का भी चिन्हांकन करते हुए नियम विहित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-7 भरवाया जाए और निर्धारित नोटिस जारी करके अपर्माजन कराया जाए।