पुलिस लाइन में दौड़ लगाते अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित सिपाही भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे चरण में भर्ती के दसवें दिन मंगलवार को 1039 पुरुष अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई और 928 को सफल घोषित किया गया। बुधवार को भी 14 सौ अभ्यर्थियों को बुलावा भेजा गया है।
सिपाही पद पर भर्ती के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से फैजाबाद पुलिस लाइन ग्राउंड पर परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों अंबेडकरनगर, सुलतानपुर, फैजाबाद, बाराबंकी व अमेठी के अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जा रही है। शारीरिक दक्षता परीक्षा का दूसरा चरण 22 अप्रैल को शुरू हुआ था।
सार्वजनिक अवकाश के दिन रविवार को छोड़कर बाकी दिनों में पुलिस लाइन ग्राउंड पर दौड़ कराई जा रही है। पुरुष वर्ग की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दसवें दिन मंगलवार को पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से 14 सौ पुरुष अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। हालांकि भर्ती बोर्ड का काम देख रही टीम के समक्ष इनमें से एक हजार 39 अभ्यर्थियों ने ही हाजिरी दर्ज कराई।
जिनको दो-दो सौ के टीम में कई चरणों में पुलिस लाइंस ग्राउंड पर 2.4 किलोमीटर लंबी दौड़ के लिए ट्रैक पर उतारा गया। दौड़ लगाने वाले अभ्यर्थियों में 928 को सफल घोषित किया गया और 111 को असफल घोषित किया गया।