मनूचा कॉलेज में परीक्षा देतीं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में मंगलवार को अजब-गजब नजारे देखने को मिले। फैजाबाद के चंद्रभान सिंह महाविद्यालय कुम्हिया और प्रतापगढ़ के अजब नारायण हरीशचंद्र महाविद्यालय में सामूहिक नकल पकड़ी गई।
फैजाबाद के रामनेवाज सिंह महाविद्यालय में बंद कमरे में परीक्षा होती मिली। यहां के शिक्षक डा. दिलीप सिंह जब उड़ाका दल को लेकर दूसरी ओर जाने लगे तो उनके इस व्यवहार पर शंका हो गई। जांच में एक बंद कमरा मिला, उसे खुलवाया गया तो कमरे में परीक्षा होती मिली। यहां के केंद्राध्यक्ष ने ड्यूटी पंजिका भी उपलब्ध नहीं कराई।
प्रथम पाली में प्रतापगढ़ के अजब नारायण हरीशचंद्र महाविद्यालय शेखपुर रानीगंज में सामूहिक नकल पकड़ी गई। दो कक्ष निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया। बहराइच के लॉर्ड बुद्धा पीजी कॉलेज रुपईडीहा में एक नकलची पकड़ा गया।
फैजाबाद के ढोढेराम महाविद्यालय सेवरा में दो नकलची व चंद्रभान सिंह महाविद्यालय कुम्हिया में मोबाइल के साथ एक नकलची पकड़ा गया। चंद्रभान सिंह महाविद्यालय कुम्हिया के केंद्राध्यक्ष नदारद मिले।
यहां के अधिकांश छात्रों के उत्तर समान रूप से समान क्रम में पाए गए, जिसे उड़ाका दल ने प्रथमदृृष्टया सामूहिक नकल माना। अंबेडकरनगर के एपीएस महाविद्यालय आनंदनगर में तीन नकलची पकड़े गए। यह पर मिली नकल सामग्री को सीलबंद कर परीक्षा नियंत्रक को सौंपी गई।
यहां के एक कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त कर दिया गया। बीएम मेमोरियल कॉलेज ककरही में आईडी प्रमाणित नहीं होने पर एक कक्ष निरीक्षक को हटा दिया गया। दूसरी पाली में उड़ाका दल फैजाबाद के राम नेवाज सिंह महाविद्यालय कुमारगंज पहुंचा तो अजब-गजब तस्वीरें देखने को मिली।
प्राचीन इतिहास के शिक्षक डा. दिलीप कुमार ने उड़ाका दल को परीक्षा कक्ष में न ले जाकर अन्य दूसरे कमरों में ले जाने का प्रयास किया। उड़ाका दल ने शिक्षक की मंशा को भाप लिया। यहां पर बंद कमरे में परीक्षा होती पाई गई। केंद्राध्यक्ष ने ड्यूटी पंजिका भी उपलब्ध नहीं कर्राई।