फैजाबाद में जनौरा के ब्राम्हण टोला में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक परिवार अपने दो मंजिले आवास में सोता रहा और चोर पूरा घर खंगाल ले गये। सुबह मामले की जानकारी के बाद हलचल मच गई। जानकारी पर फतेहगंज चौकी पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। शिकायत पुलिस को दी गई है।
नगर कोतवाली के जनौरा गांव स्थित ब्राम्हण टोला मोहल्ला मेें रंजन कुमार पुत्र स्व. दिलदार का दो मंजिला आवास है। शुक्रवार की देर शाम भोजन के बाद पूरा परिवार आवास के पहले मंजिल पर सोने चला गया। शनिवार की सुबह परिवार के लोग सोकर उठे और नीचे आये तो देखा कि कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है और आलमारी का लाकर टूटा हुआ है।
मकान मालिक रंजन कुमार ने परिवारीजनों के साथ पड़ताल की तो पता चला कि आलमारी में रखी पांच हजार रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात कान की झुमकी व कीमती कपड़े गायब मिले। उन्होंने आशंका जताई कि चोर ऊपरी मंजिल स्थित जीने के रास्ते निचले हिस्से में पहुंचे और आलमारी तोड़कर नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत पुलिस को दी गई है। फतेहगंज चौकी प्रभारी रिकेश सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। छानबीन कराई जा रही है।
तिजोरी का हैंडल टूटने से बैंक में चोरी होते बची : हैदरगंज थाना क्षेत्र स्थित जिला सहकारी बैंक की हैदरगंज शाखा में शुक्रवार की रात ताला तोड़ कर चोरी का प्रयास किया गया। चोर बैंक के अंदर घुस कर चेस्ट में रखी तिजोरी तक पहुंच गए लेकिन तोड़ने के दौरान तिजोरी की हैंडल टूट जाने से चोरों को सफलता नहीं मिली।
शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश चौरसिया ने बताया की दो दिन बैंक बंद है। 13 फरवरी को जब बैंक खुलेगा तो जिले की उच्च अधिकारियों की देख रेख में तिजोरी खोली जाएगी। शनिवार को बैंक मैनेजर की लिखित तहरीर पर बैंक पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष सतीश यादव ने बताया कि चोर कुछ ले नहीं जा पाए हैं तिजोरी खुली नहीं है।