आबकारी ठेके को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भीखापुर क्षेत्र स्थित शहनवां देशी शराब की दुकान का ताला तोड़कर भीड़ ने दुकान में रखी शराब बाहर फेंक कर आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा। दुकान में दूसरा ताला लगवा दिया गया है।
अयोध्या कोतवाली के भीखापुर गांव क्षेत्र के बगल शहनंवा गांव के नाम आवंटित देशी शराब का ठेका है। ठेके को लेकर लोग आंदोलित हैं। गुरुवार को तहसील दिवस में क्षेत्रीय लोगों की ओर से शिकायत की गई थी। आरोप लगाया गया था कि शराब ठेके के 40 मीटर परिधि में स्कूल है।
200 मीटर की परिधि मेें दूसरा स्कूल व शिव मंदिर है। कोतवाली को भी शिकायत दी गई थी। जिसके कारण पुलिस ने ठेका संचालक नगर कोतवाली के सिविल लाइन निवासी प्रकाश सिंह को दुकान बंद रखने की हिदायत दी थी।
शनिवार शाम स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ठेका का ताला तोड़ उसमें रखी शराब की बोलते बाहर फेंक तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी। चौकी प्रभारी रानोपाली संतोष गौड़ ने बताया कि बंद दुकान में तोड़फोड़ व शराब में आगजनी की गई है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।