रौनाही क्षेत्र में ग्राम सनाहा के रहने वाले इंस्पेक्टर अनिल कुमार की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की उनके बड़े भाई डॉ. राजाराम ने मांग की है। यह मांग सनाहा गांव पहुंचे बीजेपी विधायक रामचंद्र यादव के सामाने उठाई। विधायक ने परिवारीजनों को हरसंभव मदद आश्वासन दिया।
विधायक के सामने परिवारीजनों ने प्रतापगढ़ पुलिस-प्रशासन पर आरोप लगाया कि अनिल कुमार की मौत की खबर उनको पुलिस ने नहीं दी। वह लोग टीवी से जानकारी होने पर प्रतापगढ़ पहुंचे। डॉ. राजाराम ने कहा कि आईजी जोन से उन लोगों ने नामजद तहरीर देने की बात कही।
इस पर उन्होंने कहा कि आप दे दो पर गिरफ्तारी जांच के बाद ही होगी। मजबूर होकर उन लोगों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। अनिल कुमार के भाई ने कहा कि घटना में गहरी साजिश लग रही है। सरकार की ओर से अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली।
कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखेंगे ताकि उनके भाई के हत्यारों की साजिश का पर्दाफाश हो। बताया कि उनके भाई को फोन पर यह कहकर प्रतापगढ़ बुलाया गया था कि अनिल की बहाली हो गई है। वहां आकर लेटर प्राप्त करे लें।
वहां पहुंचने पर आफिस वालों ने कहा कि लेटर कल मिलेगा। इसीलिए अनिल को होटल में रुकना पड़ा। अब हमे इंसाफ चाहिए। कहा कि सीबीआई से ही उन लोगों को इंसाफ की उम्मीद है।