नहर में मिले अज्ञात युवक व युवती के शव
फैजाबाद। मवई थाना क्षेत्र के ग्राम नरौली के पास शारदा सहायक नहर में रविवार शाम एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं महराजगंज थाना क्षेत्र के रमन पट्टी गांव के पास पुलिया के नीचे शारदा सहायक नहर में एक 20 वर्षीय युवती की लाश पायी गयी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की शिनाख्त नही हो पाई है।
मवई प्रतिनिधि के अनुसार उपनिरीक्षक सोहनलाल पुष्कर ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे बहबर नगर निवासी हरिशरण ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक का शव नहर में है। मौके पर पहुंच शव को ग्रामीणों की मदद से नहर से बाहर निकलवाया। युवक की उम्र 35 साल के करीब रही होगी व उसके शरीर पर केवल नीली रंग की पैंट और हरे रंग का कच्छा है। शव कई दिन पुराना लग रहा था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं । मयाबाजार प्रतिनिधि के अनुसार महराज गंज थानाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय ने बताया कि रमन पट्टी गांव के पास पुलिया के नीचे शारदा सहायक नहर में सलवार शूट पहने युवती की मिली लाश लगभग छह दिन पुरानी लग रही है। पानी में पड़ी होने से वह पूरी तरह सड़ चुकी है।