ट्रेन के आगे कूदकर ग्रामीण ने की खुदकुशी
पटरंगा (फैजाबाद)। पटरंगा स्टेशन के निकट शनिवार सुबह एक अधेड़ ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। सूचना के पांच घंटे बाद तक जीआरपी घटनास्थल तक नहीं पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
पटरंगा थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे लोध मजरे मखदूमपुर गांव निवासी मिठाई कारीगर राजाराम निषाद उर्फ रजऊ (52) का शव सुबह साढ़े दस बजे रेलवे स्टेशन पटरंगा के प्लेटफार्म नंबर दो के पास मिला।
लोगों का कहना है कि गृह कलह से तंग आकर रजऊ ने मालगाड़ी से कटकर जान दे दी। इसकी सूचना ग्रामीणों के अलावा स्टेशन अधीक्षक ने भी जीआरपी को दी लेकिन वह पांच घंटे बाद तक मौके तक नहीं पहुंची।
पटरंगा थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि जीआरपी को सूचना सुबह ही दी गई थी लेकिन शाम तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच सका।
सरयू पुल से कूद अधेड़ ने दी जान, शिनाख्त नहीं
अयोध्या। सरयू पुल से शनिवार की दोपहर एक अधेड़ ने नदी में छलांग लगा दी। इसमें उसकी मौत हो गई। नयाघाट चौकी प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे एक अधेड़ (50) ने पुराने सरयू पुल से नदी में छलांग लगा दी।
उसे नयाघाट पुलिस व फ्लड कंपनी के जवानों ने तत्काल नदी से बाहर निकाला और श्रीराम अस्पताल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक के पास कुछ बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है।