अयोध्या। रामनगरी को आध्यात्मिक मेगा सिटी बनाने व विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने के लिए नियुक्त ग्लोबल कंसलटेंट टीम का कार्यकाल तीन माह बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने इस आशय का पत्र शासन को भेजा है। कंसलटेंट टीम का कार्यकाल 24 अगस्त को समाप्त हो चुका है।
रामनगरी को विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने के लिए शासन के निर्देश पर विकास योजनाओं का डीपीआर व विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के लिए ग्लोबल कंसलटेंट टीम नियुक्त की गई थी। आवास विभाग के साथ ग्लोबल कंसलटेंट के रूप में एलईए एसोसिएट्स, सीपी कुकरेजा व एलएंडटी ने अनुबंध किया था। इसमें अयोध्या के विकास का विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के साथ 11 प्रमुख योजनाओं के डीपीआर भी बनाए जाने थे। 24 अगस्त को ग्लोबल कंसलटेंट टीम का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। टीम अपने अनुबंध के समय में निर्धारित कार्य पूरा नहीं कर पाई। तर्क है कि कोरोना की दूसरी लहर की वजह से दो माह तक कोई काम ही नहीं हो पाया। इसका परिणाम यह है कि ग्लोबल कंसलटेंट टीम सिर्फ पांच डीपीआर ही पेश कर सकी है।
विजन डाक्यूमेंट का काम अधूरा है। इस सबके बीच आवास विभाग ने कंसलटेंट टीम के कार्यकाल को तीन माह बढ़ाने का निर्णय लिया है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने ग्लोबल कंसलटेंट टीम की ओर से तीन माह के विस्तार देने संबंधी प्रपत्र पर अपनी सहमति जताते हुए शासन को भेज दिया है। शासन के आदेश के बाद फिर ग्लोबल कंसलटेंट टीम अपना कार्य शुरू करेगी। अभी छह डीपीआर समेत विकास के विजन का फाइनल डेटा कंसलटेंट टीम को पेश करना है।
कार्य की निगरानी के लिए नई कंसलटेंट टीम नियुक्त
अयोध्या में प्रस्तावित विकास कार्यों की निगरानी व विभागों में समन्वय स्थापित करने के लिए नई कंसलटेंट टीम का चयन कर लिया गया है। ई-वाई कंपनी को कार्य का जिम्मा सौंपा गया है। यह अयोध्या में शुरू हो रहे विकास कार्यों में अपनी कार्यों को अंजाम देगी। साथ ही पुरानी कसंलटेंट टीम के डीपीआर व अन्य कार्यों का भी परीक्षण करेगी।
- विजन डाक्यूमेंट व डीपीआर को बनाने के लिय नियुक्त हुए ग्लोबल कंसलटेंट टीम का कार्यकाल तीन माह बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन की सहमति के बाद ग्लोबल कंसलटेंट टीम अपने शेष कार्यों को पूरा करेगी। आरपी सिंह, सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण