अयोध्या। जिले में रविवार को आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान नगर कोतवाली पुलिस ने सॉल्वर गैंग की महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने दो लोगों की जगह एग्जाम देने के लिए चार लाख रुपये में सौदा तय किया था।
इनमें से एक आदर्श इंटर कॉलेज में परीक्षा देते समय पकड़ा गया जबकि दूसरा पकड़े जाने के भय से परीक्षा केंद्र के बाहर से ही भाग गया था। यह सभी चौक स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में ठहरे हुए थे।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि धारा रोड स्थित एमपीएलएल आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वरुण प्रताप सिंह ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक संवर्ग (टीजीटी) 2021 की परीक्षा में द्वितीय पाली में कमरा नं. एक में अनुक्रमांक सं 0905012513 पर लवकुश कुमार के स्थान पर कमलेश कुमार को फर्जी कूटरचित दस्तावेज के आधार पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था।
इस संबंध में कोतवाली नगर में धारा 419, 420, 467, 468/ 471 व 120 बी के तहत केस दर्ज हुआ था।। गिरफ्तार किए गए आरोपी से मिली जानकारी पर सोमवार को मारवाड़ी धर्मशाला चौक से उसके पांच अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कमलेश कुमार निवासी ऐहार थाना रुदौली द्वारा लवकुश कुमार की जगह एवं सुनील कुमार द्वारा परीक्षार्थी गिरीश कुमार निवासी सोहावल जनपद अयोध्या की जगह पर परीक्षा देने के लिए चार लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
जिसमें से आरोपी कमलेश कुमार परीक्षा के लिए अंदर प्रवेश कर परीक्षा देने लगा तथा सुनील कुमार प्रवेश करते समय चेकिंग के समय शंका होने पर भाग गया था। आरोपी के पास से फर्जी प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, एक एसयूवी वाहन व एक बाइक बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमलेश कुमार निवासी ऐहार थाना रुदौली, कमल कुमार निवासी बारीगांव थाना बरसठी जनपद जौनपुर, सुनील यादव निवासी रनरपुर थाना सुरयावा जनपद भदोही, भारत भूषण गौतम निवासी भेलखा थाना सरायममरेज जनपद प्रयागराज, अमन केशवानी निवासी हवूसा मोड़ थाना सराय इनायत जनपद प्रयागराज व पुष्पा यादव निवासी पुरे गुलजार रुदौली जनपद अयोध्या के रूप में हुई।
बताया कि आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुरेश पांडेय, चौकी चौक प्रभारी यशवंत द्विवेदी, चौकी प्रभारी अलीगढ़ सत्यप्रकाश यादव, चौकी प्रभारी रिकाबगंज सुनील कुमार व उनकी टीम शामिल रही।