अयोध्या। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षा में सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान और इंटर मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, तर्कशास्त्र तथा द्वितीय पाली में इंटर जीवविज्ञान एवं गणित की परीक्षा संपन्न हुई।
दोनों पालियों की परीक्षा में अयोध्या जनपद के कुल 5592 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में मंडलीय सचल दल ने सुल्तानपुर के सुभाष इंटर कॉलेज पलिया, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज उतरी, राजर्षि विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज उतरी, रामप्रताप इंटर कॉलेज प्रतापगंज भादा, महात्मा गॉधी इंटर कॉलेज और रामरती इंटर कॉलेज द्वारिकागंज परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलीय सचल दल ने सभी केंद्रों की गहन जांच बोर्ड द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप की। इन केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
मंडलीय कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के अनुसार अयोध्या मंडल में सोमवार को कुल अनुपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या 20244 रहीं। जिसमें हाईस्कूल के 14434 व इंटर के 5810 परीक्षार्थी शामिल है।
इसमें जनपद सर्वाधिक अयोध्या जनपद के 5592, अंबेडकरनगर के 4003, सुल्तानपुर के 4101, अमेठी के 2730 और बाराबंकी के 3818 परीक्षार्थी शामिल हैं।