भरथना। बिधूना-भरथना मार्ग पर शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने बाइक सवार एक महिला का पर्स लूटने का प्रयास किया, जिससे महिला बाइक से गिरकर घायल हो गई।
महिला को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित भरथना-बिधूना मार्ग पर पड़ियापुरा के नजदीक शुक्रवार की शाम करीब चार बजे भरथना के गांव पुठिया (साम्हो) निवासी अनामिका, भाई पिंटू व समीर के साथ थाना इकदिल के जोरपुरा स्थित मायके जा रही थी।
जिस समय वह बाइक से भरथना की ओर आ रही थी, उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने अनामिका के कंधे पर लटक रहे बैग पर झपट्टा मारा। बदमाशों के बैग खींचने पर अनामिका बाइक से गिर पड़ी और घायल हो गई।
बैग लूटने में सफल न होने और महिला के बाइक से गिरने पर बदमाश भाग खड़े हुए। घायल महिला को उसका भाई उपचार के लिए सीएचसी लेकर गए, वहां उसको प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जोरपुरा इकदिल निवासी सुशीला देवी ने बताया कि विवाहित पुत्री को उसकी ससुराल से मायके बुलाया था, जिसे पिंटू व समीर बाइक पर पीछे बैठाकर घर आ रहे थे।