इटावा के जिला कारागार में डिप्टी जेलर एसएच जाफरी देर रात करीब 3:30 बजे अपने आवास से जेल परिसर में निरीक्षण के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने रास्ते में उन्हेंं घेरकर फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
इटावा में जिला जेल परिसर में शनिवार सुबह चार नकाबपोश लोगों ने डिप्टी जेलर सिब्ते हसन जाफरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। डिप्टी जेलर ने अपने घर में घुसकर दरवाजा बंद कर जान बचाई। करीब 10 मिनट बाद हमलावर डिप्टी जेलर को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
विज्ञापन
जेल परिसर में डिप्टी जेलर पर हुए जानलेवा हमले की सूचना पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह समेत कई पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से 7.65 एमएम पिस्टल के तीन खाली कारतूस (खोखा) मिले हैं।
जबकि, डिप्टी जेलर के घर के दरवाजे पर गोलियों के तीन निशान भी मिले हैं। मूलरूप से कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के मवाई गांव निवासी डिप्टी जेलर सिब्ते हसन जाफरी जेल परिसर में बने सरकारी आवास में रहते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि उनकी जेल चेकिंग ड्यूटी थी। शनिवार भोर में करीब तीन बजे ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले। इस दौरान घर के सामने बरगद के पेड़ के नीचे घात लगाए खड़े चार नकाबपोश लोगों ने उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
गोलियां चलते ही वह दौड़ कर घर में घुस गए और भीतर से दरवाजा बंद अपनी जान बचाई। डिप्टी जेलर के मुताबिक करीब 10 मिनट तक हमलावरों ने गोलियां चलाई और फिर गालियां व जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
इसके बाद उन्होंने जेल व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। जेल और पुलिसकर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग चुके थे। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी प्रशांत कुमार, सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ घटनास्थल पर पहुंचे।
अफसरों ने डिप्टी जेलर से घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक और फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसएसपी ने बताया कि डिप्टी जेलर सिब्ते हसन रिजवी ने नकाबपोश तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
मामले हत्या का प्रयास, गाली-गलौज और धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल डिप्टी जेलर की सुरक्षा में दो सशस्त्र पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
परिवार रहता हैे आगरा में
डिप्टी जेलर का परिवार वर्तमान में आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के राम मनोहर कोठी के पास रहता है। डिप्टी जेलर ने बताया कि कुछ दिन पहले ही परिवार यहां से आगरा गया है। इस समय वह सरकारी आवास में अकेले में रह रहे हैं। उन्होंने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है।