इटावा जिले में सैफई पुलिस और एसओजी ने शुक्रवार रात लोहिया पुल के पास से मुठभेड़ में अंतर जनपदीय चोर गिरोह के चार शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगीं तीन गाड़ियां और चोरी का रिफाइंड ऑयल व सरसों का तेल बरामद किया गया है।
विज्ञापन
आरोपियों से तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए जाने का दावा पुलिस ने किया है। एसएसपी ने गुडवर्क करने वाली टीम को 25 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसएसपी डा.बृजेश कुमार सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार देर रात एसओजी व सैफई पुलिस की टीम 15 अगस्त के मद्देनजर वाहन चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान टीम को पता चला कि दुकानों से परचून का सामान चुराने वाले गैंग के शातिर वाहनों से चोरी का माल लेकर बेचने के लिए जा रहे हैं। लोहिया पुल के पास पुलिस टीम ने शातिरों के वाहनों की घेराबंदी की, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
जवाबी फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के मुताबिक आरोपियों के पास से एक वैगन आर, टाटा नेक्सन व मारुति ईको गाड़ी मिली। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर यह लोग चोरी का माल बेचने के लिए जा रहे थे।
तलाशी में गाड़ियों से 180 किलोग्राम सरसो का तेल व 15 टीन रिफाइंड ऑयल, तीन तमंचे, चाकू व मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए शातिर अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, बदायूं, औरैया, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, आगरा, एटा समेत आसपास के जनपदों में चोरी व धोखाधड़ी से माल पार करने की घटनाओं को अंजाम देते थे।
ये दबोचे गए
फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के पड़त गांव निवासी सुशील कुमार, बडेरा थानाक्षेत्र एटा के डुमरी गांव निवासी निलेश कुमार, सत्येंद्र कुमार, एटा के नगला मनी गांव निवासी आशीष कुमार।
कई वारदातों का हुआ खुलासा
आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में कई घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दुकानों में चोरी के साथ ही दुकानदारों को झांसा देकर उनका माल उड़ा लेते थे। फिर ऊंचे दाम में सामान बेचते थे।
आरोपियों ने इस साल 22 मई को थाना वैदपुरा क्षेत्र के नगला बरी चौराहा स्थित परचून की दुकान से लगभग 25000, 21 जून को फिरोजाबाद के कस्बा जसराना में दुकानदार से 60 हजार का परचून का सामान, 11 अगस्त को सैफई गांव में एक स्पेलर मालिक से 350 किलोग्राम सरसों झांसा देकर पार करने जुर्म कबूल किया है। इसके अलावा 12 अगस्त को थाना इकदिल के चितभवन गांव में परचून की दुकान से लगभग 43 हजार का परचून का सामान धोखाधड़ी कर ले जाने की घटना को अंजाम दिया था।