इटावा। नगर पालिका परिषद में होर्डिंग ठेका में किस तरह से मनमानी होती है, इसकी परतें अब खुल रही हैं। नगर पालिका में साहब की मेहरबानी से जहां चाहो वहां होर्डिंग तान दो। कोई कहने वाला नहीं।
नियत स्थानों के बजाय पूरे शहर में पटे पड़े हैं होर्डिंग। होर्डिंग के लिए पूरे शहर में केवल 336 जगह चिह्नित हैं, जहां होर्डिंग लगाए जा सकते, लेकिन शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं, जो होर्डिंग से न पटी हो।
यूं तो नगर पालिका परिषद ने होर्डिंग लगाने के लिए 12 ठेकेदारों के साथ अनुबंध किया है। सबको बराबर साइडें दी गईं, परंतु ऐसा लगता है ठेके की आड़ में पूरे नगर को ही बेच डाला गया है। निर्धारित से कई गुना अधिक लोकेशनों पर लगे होर्डिंग बोर्ड नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं।
एक ठेका तो पालिका ने उठाया है। उसके अलावा समानांतर ठेका नगर पालिका का राजस्व विभाग उठाता है। यह विभाग राजस्व बढ़ाने के अलावा सारे काम करता है। समानांतर ठेका उठाने के पीछे का कारण यही है कि चाहे जहां बोर्ड ठोंक दो। कोई कुछ कहने वाला नहीं है।
राजस्व विभाग के निरीक्षकों की आड़ में पर्दे के पीछे से सारा खेल चलता है। कुल 20 लाख 64 हजार रुपये का ठेका उठाया गया है। यह भी जमा नहीं हो पा रहा है। इसमें भी खेल होता है।
शहर की सभी सड़कें होर्डिंग से पटी
शहर के कालपी सर्कुलर रोड, रेलवे स्टेेशन रोड, कचहरी रोड, रामगंज, साबितगंज, पचराहा, छैराहा, पक्का तालाब, रामलीला रोड, लाइन पार के विजय नगर, मंडी, दतावली रोड आदि होर्डिंग से पटी पड़ी हैं।
कहीं भी तिल भर की जगह नहीं बची है। बिजली, टेलीफोन के खंभे अथवा सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी स्वीकृत लोकेशन के होर्डिंग टंगे देखे जा सकते हैं।
वॉल पेंटिंग में चलती है सेटिंग
यूं तो पालिका ने वॉल पेंटिंग का ठेका नहीं उठाया है, लेकिन किसी भी क्षेत्र में निकल जाएं, ऐसी कोई ऐसी दीवार नहीं मिलेगी जिस पर कोई न कोई प्रचार न लिखा हो। इसका सीधा अर्थ है, साहब से कर लो सेटिंग फिर चाहे जहां करो वॉल पेंटिंग।
वॉल पेंटिंग करने वाले पेंटर पहले से ही सारा इंतजाम कर लेते हैं, जिससे उनका काम बेरोकटोक चलता रहता है। पालिका को आमदनी हो न हो पर साहब की आमदनी जरूर बढ़ जाती है।
जिला कारागार की चाहरदीवारी, कचहरी के आसपास की बाउंड्री, जीआईसी बाउंड्री, नुमाइश की बाउंड्री, मालगोदाम रोड आदि में वॉल पेंटिंग की भरमार है।
होर्डिंग ठेका की शर्तों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए गए हैै। निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त लगे होर्डिंग हटाने के लिए ठेकेदारों को निर्देशित किया गया है। यदि वे नहीं हटवाते हैं तो पालिका खुद हटवा देगी। हर्जा खर्चा भी वसूला जाएगा। शहर में जहां भी अवैध होर्डिंग लगे हैं, उन्हें हटवाया जाएगा। वाल पेंटिंग करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
-विनय मणि त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका परिषद