इटावा। बदलते मौसम में खानपान को बदलना जरूरी होता है। बदलते मौसम में संक्रामक बीमारियां डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर के बचाव के लिए आहार में कुछ खाद्य पदार्थों को शामिल करने से प्रतिकारक शक्ति बढ़ाने में सहायता मिलती है।
आहार में विटामिन और पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन बहुत जरूरी होता है। यह बात जिला अस्पताल की आहार विशेषज्ञ अर्चना सिंह ने कही। कहा कि इस समय डेंगू, मलेरिया और वायरल फीवर से बचाव को खानपान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
ऐसे में कुछ खाद्य पदार्थों का प्रयोग करने पर बहुत जल्द आराम मिलता है। विटामिन सी से भरपूर फलों और सब्जियों का सेवन करें। इनमें पोषक तत्वों के साथ-साथ एंटीबाडीज पर्याप्त मात्रा में होती हैं।
कहा कि डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर संक्रामक बीमारियों से दूरी बनाई जा सकती है। अनानास, संतरा, अमरूद, कीवी, स्ट्राबेरी जैसे खट्टे फल लिंफोसाइट को बढ़ाने में मदद करते हैं, जिससे शरीर को वायरल संक्रमण होने का खतरा कम होता है।
इन फलों का सेवन करने से जल्द आराम मिलता है। कहा कि डेंगू बुखार में नारियल का पानी शरीर में द्रव्य के स्तर को नियंत्रित करने के तरीकों में सर्वोत्तम है। डेंगू के रोगियों के लिए नारियल पानी बहुत महत्वपूर्ण पेय पदार्थ है।
इसके अलावा अदरक का पानी बहुत फायदेमंद है। बुखार में जी मिचलाने, सर्दी, जुकाम जैसी समस्या से निजात पाया जा सकता है। सूप हर बीमारी में फायदेमंद होता है। यह तेल मसाला रहित होता है।
पाचन शक्ति को बेहतर बनाते हुए पोषक तत्वों को आसानी से शरीर के अंदर पहुंचाने का काम करता है। डेंगू बुखार में प्लेटलेट्स कम होने का खतरा ज्यादा होता है, इसलिए गाय और बकरी के दूध में सेलेनियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसका प्रयोग करने से बुखार में आराम मिलता है।