जसवंत नगर। थाना क्षेत्र के कलवारी गांव में मामूली विवाद में हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश कर रही है।
कटहरी गांव निवासी पृथ्वीराज सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम वह पड़ोसी गांव कलवारी में आटा पिसवाने के लिए गया था। दो बच्चों में विवाद हो रहा था। उसी दौरान वहां गांव के छोटे लाल का बेटा रोहित आ गया।
उसने बेवजह उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया। उसके सूचना देने पर चाचा, पिता व परिवार के अन्य लोग मौके पर आ गए। उन लोगों ने रोहित से गालीगलौज करने की वजह पूछी।
उसी दौरान रोहित के परिवार के कन्हैया राइफल लेकर आ गए। गजेंद्र, अंकुश लाठी व बल्लन सिंह डंडा लेकर मौके पर आ गए। आरोपियों ने देखते ही देखते मारपीट व फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सत्यपाल घायल हो गए।
महावीर व मधुराज के सिर फट गए। दीप सिंह के पैर में चोट आई है। सभी घायलों की अस्पताल में हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सभी आरोपी पास से नगला उदय सिंह गांव के बताए गए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।