ताखा। ब्लॉक क्षेत्र के ककराही में गलियों में जलभराव से गांव के लोग परेशान हैं। गांव की गलियां तालाब जैसी भरी हुई हैं। गांव के कुछ लोगों ने नाली की जगह पर कब्जा कर लिया है, जिससे जल निकासी पूरी तरह से अवरुद्ध है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि गांव की नाली की जगह को खाली करवाया जाए, जिससे जल निकासी की समस्या को दूर किया जा सके और ग्रामीणों को आने जाने में हो रही परेशानी से निजात मिल सके।
गांव के लोगों का कहना है कि ककराही के कठेरिया मुहाल का पानी पहले कच्ची नाली के रास्ते तालाब में चला जाता था, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने नाली व चकरोड को तोड़कर अपने खेतों में मिला लिया है, जिससे अब यह पानी गलियों में ही भर रहा है।
यही नहीं गांव का तालाब भी मलबे से भरा हुआ है। जिसकी सफाई नहीं कराई गई है। गांव के सुघर सिंह शाक्य, अहिबरन सिंह, रामलखन सिंह, कुंवरपाल, रामकरन, देवेंद्र सिंह, गोपाल का कहना है कि पिछले कई सालों से गांव में जलभराव की समस्या है।
कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। पूर्व और वर्तमान प्रधान से भी शिकायत की, लेकिन उन्होंने भी इसका कोई समाधान नहीं कराया।
वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामवीर का कहना है नाली पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। नई नाली बनने में समय लगता है।