इटावा। कानपुर मंडल के कमिश्नर डॉ. राजशेखर ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर एल टू कोविड अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के ड्रेस में न मिलने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि यूनिफार्म के साथ नेम प्लेट लगाकर ड्यूटी करें। कमिश्नर अपने तीन दिन के जिले के प्रवास पर हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछली कोरोना लहर की तरह से इस बार केस ज्यादा जरूर निकल रहे हैं, लेकिन हालात गंभीर नहीं हैं। कोई भी मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं है, लेकिन फिर भी तैयारी पूरी है।
जनपद में वैक्सीनेशन की पहली डोज शत प्रतिशत लगने और प्रदेश में जनपद के चौथे स्थान पर रहने पर स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की। कहा कि दूसरी डोज का प्रतिशत बढ़ाए जाने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने डाक्टरों और कर्मियों को अन्य जरूरी निर्देश भी दिए।
उन्होंने कोविड अस्पताल (एचसी विंग) का निरीक्षण किया। बताया गया कि जिले में 228 वेंटीलेटर हैं, जिसमें जिला अस्पताल में 18, सैफई में 207 और सीएचसी तीन वेंटीलेटर है।
कमिश्नर ने ऑक्सीजन प्लांट भी देखा। ऑक्सीजन प्लांटों के बारे में सीएमओ डॉ. भगवान दास ने बताया कि नौ आक्सीजन प्लांट स्थापित है। सभी संचालित है। उन्होंने ऑक्सीजन की शुद्धता की जानकारी पर बताया कि इसकी जांच हुई है।
कमिश्नर ने ऑक्सीजन प्लांट का नाम, कितनी क्षमता का है, हर बेड तक सप्लाई की टेस्टिंग, स्टाफ आदि की सूचना मुहैया कराने के निर्देश दिए। इससे पूर्व विकास भवन के आडीटोरियम में संचालित आईसीसीसी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पॉजिटिव आए होम आइसोलेट शिववेंद्र कुमार के मोबाइल नंबर पर स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बताया कि पांच दिन बाद दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आई। अस्पताल से दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
उधर, जिले में संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी रहा। बृहस्पतिवार को सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय के दो चिकित्सकों समेत 35 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें 13 महिलाएं शामिल हैं।
सबसे ज्यादा नौ कोरोना संक्रमित सैफई क्षेत्र में मिले, जिनमें 8 चिकित्सा विश्वविद्यालय में मिले। इन संक्रमितों में किशोर भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच की है।
बुधवार तक मिले 155 संक्रमितों में 137 लोगों का टीकाकरण हो चुका था। नोडल अधिकारी डॉ. बीएल संजय ने बताया कि बृहस्पतिवार को शहर के पुरविया टोला में चार, जसवंतनगर में तीन, जनता इंटर कालेज, मेवाती टोला में दो-दो संक्रमित मिले।
जबकि एक-एक संक्रमित वैभव विहार, रामलीला रोड, यशोदानगर, लोकमान्य रूरल इंटर कालेज महेवा, केशोपुर, रेलवे स्टेशन, महानंद चकरनगर, ज्ञान मंदिर इंटर कालेज, खुर्द गिहार, झिंगूपुर, जैनपुर, सहसो चकरनगर में मिले।
अब तक चार मरीजों की हुई छुट्टी
नोडल अधिकारी डॉ. संजय ने बताया कि अब तक चार मरीजों की छुट्टी दी जा चुकी है। जिले में 186 सक्रिय केस हैं, इनमें से 167 होम आइसोलेेट हैं, जबकि 13 अन्य जनपदों के संक्रमित हैं। नोएडा, लखनऊ में एक-एक व कानपुर में दो संक्रमित भर्ती हैं।
जिले में कोई भी संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं है। बुधवार को जिले में 5863 लोगों की कोरोना जांच हुई। उन्होंने लोगों से मास्क लगाने और भीड़ भाड़ से बचने की सलाह दी है।
बकेवर में किशोरों का हुआ टीकाकरण
बकेवर। कस्बा बकेवर में तीन विद्यालयों में लगे वैक्सीनेशन कैैंप में 15 से 17 वर्ष के किशोर और किशोरियों ने वैक्सीनेशन करवाया। विद्यालय में कुल 430 किशोरों ने वैक्सीन लगाई गई।
लार्ड मदर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में वैक्सीनेशन कैंप में 15 से 17 वर्ष के 179 किशोरों ने अपना वैक्सीनेशन करवाया। सीएचसी के अधिकारी डॉ. सुशील अस्थाना और पूजा सिंह की टीम के साथ एएनएम रीता, आशा सरोज और मुन्ना ने टीकाकरण किया।
प्रधानाचार्य अवलेंद्र कुमार ने स्टाफ के साथ सहयोग किया। बाबू राम सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज में 81 किशोरों ने वैक्सीनेशन करवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी योगेश शर्मा, प्रधानाचार्य बेनीराम पाल ने सहयोग किया।
जनता विद्यालय इंटर कालेज में 170 किशोर व किशोरों ने वैक्सीन लगवाई। स्वास्थ्य अधिकारी सोनू सिंह, एएनएम स्नेहलता, आशा राधा पोरवाल उपस्थित रही। केके कॉलेज इटावा में बच्चों का 80 प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण हुआ।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा, प्रबंध समिति के मंत्री राकेश वर्मा, एडीआईओएस मुकेश यादव, प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह मौजूद रहे।
डिग्री कॉलेज में छात्राओं ने लगवाया टीका
इटावा। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में टीकाकरण अभियान के अंतर्गत युवतियों/छात्राओं को टीका लगाया गया। हिंदी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रमाकांत राय ने बताया कि 53 छात्राओं ने कोरोना रोधी टीका लगवाया।
इस मौके डॉ. अमित कुमार, महाविद्यालय में डॉ. अनुपम सिंह, इकलेश सिंह, मान सिंह, विनीत श्रीवास्तव और जीतेंद्र कुमार मौजूद रहे।
शहनाई पर लगने लगा कोरोना का ग्रहण
लवेदी। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों पर तमाम पाबंदियां लगा दी गई हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा चिंतित वह परिवार हैं जिनके यहां जल्द शहनाई बजने वाली है।
पंडितों से शादियों के कार्यक्रम आगे बढ़ाने की सलाह लेने लगे हैं। 16 जनवरी से वैवाहिक मुहूर्त प्रारंभ हो जाएंगे। अब असमंजस की स्थित है। कोरोना की सख्ती का असर बैंडबाजा, टेंट हाउस, गेस्ट हाउस, सराफा व्यवसायी प्रिंटिंग प्रेस कारोबारियों पर पड़ने लगा है।
लखना के आचार्य पंडित दयालु सारस्वत ने बताया कि पहले शादी का मुहूर्त निकलवाने के बाद अब अब दोबारा मुहूर्त निकलवाने लोग आ रहे हैं। टेंट व्यवसायी विनोद पोरवाल का कहना है कि कोरोना से लोग घबराए हुए हैं।
फरवरी में होने वाली सहालग में लोग अब बुकिंग को निरस्त कर रहे हैं। सराफा व्यवसायी सोनू वर्मा ने कहा कि संक्रमण के चलते शादी सहालग में जेवरों को खरीदने के लिए लोग दुकान पर कम आ रहे हैं।
गेस्ट हाउस संचालक अजय प्रताप सिंह राठौड़ कहते हैं कि आने वाली सहालग में उनके यहां कोरोना संक्रमण के बढ़ते केसों के कारण आधा दर्जन शादियां लगन निरस्त हो गई हैं। पाबंदी से काफी नुकसान हुआ है।