इटावा। अगर किसी महिला या युवती से छेड़खानी होती है तो वह कहां, कैसे और किससे शिकायत करवा सकती है। घरेलू हिंसा के खिलाफ क्या-क्या कदम उठा सकती हैं।
किस तरह से पुलिस शोहदों और ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों से कैसे सबक सिखाती हैं। इस बारे में अब गली व मोहल्लों में 1090 (वुमेंन पॉवर लाइन) की वैन जाकर जागरूक कर रही है।
तमाम वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। मिशन शक्ति फेज-तीन के तहत वैन को एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शुक्रवार को रवाना किया था।
तब से लगातार वैन गली-मोहल्लों में अलग-अलग स्थान पर जा रही है। इसमें लगी बड़ी स्क्रीन में तमाम वीडियो के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। एसएसपी का कहना है कि इसका मकसद है कि हर युवती, महिला व छात्रों को मालूम होना चाहिए कि उनके अधिकार क्या हैं।
कहा कि दूसरी तरफ से छेड़खानी व अन्य तरह की घटनाओं को अंजाम देने वालों को पता होना चाहिए कि अगर उन्होंने ऐसी कोई हरकत की तो उनका अंजाम क्या हो सकता है।
इसलिए जागरुकता अभियान शुरू किया गया है। आम लोगों तक वैन के माध्यम से वुमेन पॉवर लाइन समेत महिला संबंधी अन्य हेल्पलाइन व कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।