इटावा। इंदिरा स्टेडियम उरई में खेली गई वीरेंद्र पाल सिंह (एडवोकेट) स्मृति जालौन जोन अंडर-19 क्रिकेट चैलेंजर ट्रॉफी इटावा ने जीत ली। फाइनल मैच में इटावा ने औरैया को रोमांचक मुकाबले में चार रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
औरैया की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले खेलने उतरी इटावा टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए। मोहित यादव ने नॉट आउट रहते हुए 61 रन, अभय प्रताप ने 26 रनों का योगदान दिया।
औरैया की ओर से गेंदबाजी करते हुए ऋषभ सक्सेना ने तीन, मोहम्मद आरव ने दो, प्रिंस और आयुष त्रिवेदी ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी औरैया की टीम 29.1 ओवरों में 110 रन बनाकर आउट हो गई।
आयुष त्रिवेदी ने सर्वाधिक 49 रन, हिमांशु पाठक ने 23 रनों का योगदान दिया। इटावा की ओर से गेंदबाजी करते हुए अभय और देवांश ने 3-3 विकेट लिए।
अभय प्रताप को आल राउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। विजेता टीम को उरई के एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी ने पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन अपैक्स कमेटी के सदस्य श्याम बाबू, सचिव विकास कुमार, क्रीड़ाधिकारी उरई शरद श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक विनय सेंगर, औरैया के कोऑर्डिनेटर पुष्पेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।
इटावा टीम के जीतने पर एसएमजीआईजे चेयरमैन विवेक यादव, क्रीड़ाधिकारी नरेश चंद्र यादव, अनिल चौधरी, पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी बिजेंद्र सिंह, पूर्व खिलाड़ी वीरेंद्र यादव, अमरीश प्रताप सिंह, आनंद यादव, श्याम यादव, विजय पाल आदि ने हर्ष जताया है।