फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो किराना, एक इलेक्ट्रानिक, गन हाउस और तीन मकानों में लगी भीषण आग

विज्ञापन
किराना दुकान में लगी आग - फोटो : ETAWAH
विज्ञापन
भरथना (इटावा)। कोतवाली क्षेत्र के गली गोदाम मोहल्ले में मंगलवार सुबह अनिल पोरवाल की किराना दुकान में आग लग गई। जब तक मोहल्ले वाले कुछ समझ पाते और फायर बिग्रेड की गाड़ियां पहुंचती।
विज्ञापन

तब तक आग ने इलेक्ट्रानिक, किराना दुकान और गन हाउस व उनके ऊपरी तल पर बने तीन मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिससे स्थिति और भयंकर हो गई।
इटावा और औरैया जिले की छह दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान किराना दुकान में सात विस्फोट होने से तीन दमकल कर्मी झुलस गए। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझ सकी।
भरथना के गली गोदाम मोहल्ले में अनिल पोरवाल की किराना दुकान है। दुकान के पहली मंजिल पर उनका घर है। इनकी पत्नी मंजू सरकारी विद्यालय में शिक्षिका है। मंगलवार सुबह मंजू विद्यालय गई थी और अनिल अपनी दुकान पर कर्मी के साथ थे।
विज्ञापन

सुबह करीब 11 के बाद अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं व आग की लपटें देख अनिल व उनका कर्मी बाहर की ओर भागे। मदद को आवाज लगाई।
चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो रहे थे कि आग ने भयंकर रूप धारण कर बगल में स्थित अनिल के बड़े भाई अशोक की इलेक्ट्रानिक दुकान व उनके घर और छोटे भाई प्रदीप के गन हाउस को भी अपनी चपेट में ले लिया।
तीनों भाइयों की दुकानों व मकानों में आग लगने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग प्रदीप के मकान में स्थित रमेश गुप्ता के किराना दुकान में भी पहुंच गई। आग लगने से चार धमाके हुए।
धमाके व भीषण आग लगने की सूचना पर एसएसपी डा.बृजेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, एसडीएम हेमसिंह, तहसीलदार हरिश्चंद्र मौके पर पहुंचे। भरथना, चकरनगर से एक-एक व इटावा की दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इधर मोहल्ले वाले भी आग बुझाने में जुटे। अनिल के किराना दुकान के पास आग बुझाने का प्रयास करने के दौरान तीन और विस्फोट हुए।
जिनसे दमकल कर्मी भरत सिंह, यतेंद्र व रविंद्र झुलस गए। साथी कर्मियों व पुलिस ने झुलसे तीनों कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया। इधर औरैया व बिधूना से एक-एक दमकल की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई। इटावा व औरैया के दमकल कर्मी कड़ी मशक्कत कर करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पा सकें।
किराना दुकानों, गन हाउस व इलेक्ट्रानिक दुकान में आग लगी थी, पुलिस व दमकल कर्मियों ने राहत बचाव कार्य किया। इटावा व औरैया की दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। आग बुझाते समय विस्फोट होने से तीन दमकल कर्मी झुलसे हुए है। दुकान में किस तरह का भंडारण था, लाइसेंस था या नहीं। आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। - डा. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी इटावा
आग लगने के बाद भाग गए अनिल पोरवाल
किराना दुकान में जैसे ही आग लगी अनिल पोरवाल व उनके कर्मी मौके से भाग गए। पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना दमकल व पुलिस विभाग को सूचना दी। पुलिस उनकी पत्नी शिक्षिका मंजू से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही मौके से भागे अनिल व उनके कर्मी की तलाश भी कर रही है।
सात बार धमाके होने से फैली दहशत
अनिल पोरवाल की किराना दुकान में गंधक पोटास (विस्फोटक पदार्थ) भी मौजूद था। पुलिस अब यह जांच कर रही कि उनके पास गंधक पोटास रखने का लाइसेंस था कि नहीं। अगर लाइसेंस था तो कितना गंधक पदार्थ रखने की अनुमति अनिल को थी। मात्रा से अधिक रखने की जानकारी पर पुलिस उन पर कार्रवाई भी कर सकती है। माना जा रहा है कि सात बार जो धमाके हुए उनमें से अधिकतर विस्फोटक पदार्थ की वजह से हुए। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ड्रम उड़कर सामने दुकान पर गिरा
किराना दुकान में विस्फोट होने की वजह से वहां पर रखा ड्रम उड़कर सामने स्थित किताब की दुकान से जा टकराया। गोपाल विश्नोई ने बताया कि किराना दुकान के सामने आग लगने की वजह से क्षेत्र में काफी गर्माहट हो गई थी। इस वजह से उनकी प्रिंटिंग प्रेस की दुकान में लगी फ्लैश की मशीन (हैडेड) सूख गई, जिसमें चलते करीब डेढ़ लाख रुपये का खर्च आया।
छत पर जाकर अशोक व उनके बच्चों ने बचाई जान
अशोक कीइलेक्ट्रानिक दुकान में आग लगने के बाद लपटे ऊपर बने घर तक पहुंची। जिसकी चपेट में आकर गृहस्थी का सामान जलने लगा। यह देख अशोक, उनके दोनों बेटे विकास व हर्षित छत पर भागे और मदद के लिए काफी देर तक चिल्लाते रहे है। दमकल कर्मियों ने मकान के पीछे वाले रास्ते पर सीढ़ी लगाकर तीनों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर किया। अशोक ने बताया कि भाई अनिल के किराने की दुकान में आग लगने से उनकी इलेक्ट्रानिक दुकान व मकान में पहुंची। आग लगने से दुकान में रखा इलेक्ट्रानिक सामान व गृहस्थी समेत दस लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जिस समय आग लगी पत्नी मीना देवी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने गई थी।
एक घंटे से अधिक समय तक रूका रहा यातायात
तीन मकानों व दुकान में आग लगने की वजह से पुलिस ने जवाहर रोड स्थित जामा मजिस्द के पास से करीब 12 बजे रस्सी लगाकर आजाद रोड पोरवाल धर्मशाला तक यातायात रोक दिया गया था। इस कारण इटावा-कन्नौज नेशनल हाइवे 91ए करीब एक घंटे तक जाम रहा। विस्फोट होने की वजह से यातायात रोका गया था, ताकि किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो सके। एक घंटे बाद यातायात चालू किया गया।
दुकानदार व मकान में मौजूद लोग सुरक्षित
अनिल पोरवाल के किराना दुकान, अशोक के इलेक्ट्रानिक, प्रदीप के गन हाउस, रमेश की किराना दुकान में आग लगने से इनके आसपास मौजूद दुकानदार व मकानों में मौजूद बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग निकलकर सुरक्षित स्थान पर गए। धमाके होने से वह सहम गए। पुलिस व दमकल विभाग के बचाव कार्य करने पर सहमें मोहल्ले वालों ने राहत की सांस ली। रमेश ने बताया कि उनकी प्रदीप के मकान में किराना का गोदाम है। आग लगने की वजह से करीब पांच से छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
भाजपा विधायक व बसपा एमएलसी ने जाना हाल
गली गोदाम मोहल्ला में भीषण आग लगने की जानकारी पर विधायक सावित्री कठेरिया अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंची। वही, बसपा के एमएलसी भीमराव अंबेडकर भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार व लोगों का हाल जाना। इसके साथ ही पुलिस को राहत कार्य तेज करने के लिए निर्देशित किया।

मौके पर मौजूद एसएसपी- फोटो : ETAWAH

सीढ़ी लगाकर मकान में फंसे लोगों को निकालते पुलिस कर्मी- फोटो : ETAWAH

आग बुझाने व विस्फोट होने पर झुलसे दमकल कर्मी- फोटो : ETAWAH

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें