बालक शौर्य दुबे के पिता से जानकारी लेते आईजी प्रशांत कुमार
- फोटो : ETAWAH
बकेवर। आईजी कानपुर रेंज प्रशांत कुमार अपहरण कर मारे गए छह वर्षीय बालक शौर्य दुबे और नौ महीने से लापता बिजली कर्मी के 12 वर्षीय बेटे के घर घटना की जानकारी लेने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से जल्द खुलासे के लिए कहा है। उन्होंने अधिक से अधिक सीसीटीवी लगवाने के लिए कहा है।
आदर्श नगर निवासी स्टेशनरी व्यवसायी अश्वनी उर्फ अवनीश दुबे का छह वर्षीय पुत्र शौर्य दुबे 10 दिसंबर को घर के बाहर खेलते हुए लापता हो गया था। 20 दिसंबर को शौर्य दुबे का लवेदी क्षेत्र के बीहड़ में स्थित हमीरपुरा मंदिर के पास यमुना नदी के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में शव पड़ा मिला था। दोनों मामलों में अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। मंगलवार को कानपुर रेंज आईजी प्रशांत कुमार ने लखना पहुंचकर दोनों घटना स्थल का निरीक्षण किया।
आईजी ने शौर्य दुबे के पिता और ताऊ से घटना की जानकारी ली। खेलने वाले स्थान और किसी के मंगाने पर गुटखा लेने पहुंचे दुकान के दुकानदार से भी जानकारी ली। उसके बाद काहरान मुहाल में रहने वाले बिजली कैशियर गिरजेश बाबू के लापता बालक के संबंध में जानकारी लेने आईजी बिजली कर्मी के घर पहुंचे। इस दौरान एसएसपी जय प्रकाश, एएसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ भरथना साधूराम व थाना प्रभारी बकेवर विद्यासागर सिंह मौजूद रहे।