सैफई (इटावा)। फिरोजाबाद के थाना खंगर स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 64 के पास रविवार सुबह डीसीएम में पीछे से कार टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। पीछे से एंबुलेंस से युवक का शव लेकर आ रहे परिजनों ने घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया। यहां युवक के चचेरे भाई व मामा की मौत हो गई। पिता व साथी की हालत गंभीर है। परिजन युवक के शव को जयपुर से कानपुर के शिवालय स्थित घर लेकर जा रहे थे। हादसा डीसीएम चालक के अचानक ब्रेक मारने से होना बताया जा रहा है।
कानपुर में बड़ा चौराहा के पास शिवालय निवासी जनाधर के बेटे अभिषेक (35) को कुछ दिनों पूर्व डेंगू हो गया था। हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उसे जयपुर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। यहां अभिषेक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन अभिषेक के शव को शनिवार रात करीब दस बजे एंबुलेंस से कानपुर ले जा रहे थे। एंबुलेंस में अभिषेक का छोटा भाई अनुुराग समेत अन्य परिजन थे। जबकि कार में अभिषेक के पिता, साथी राजेश शुक्ला (34), मामा विजय व्यास व चचेरेेे भाई गौरव ओझा (45) थे। कार गौरव चला रहे थे। अनुराग ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे डीसीएम के चालक ने अचानक ब्रेक मार दी, जिसके कारण कार पीछे से डीसीएम में जा घुसी।
हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर घायल हो गए। पांच मिनट बाद वह पीछे से मौके पर पहुंचे और घायल परिजनों को यूूपीडा की मदद से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले गए। यूनिवर्सिटी में इलाज के दौरान अभिषेक के ताऊ ओमप्रकाश के बेटे (चचेरे भाई) गौरव की मौत हो गई। वहीं, शाम को इलाज के दौरान अभिषेक के मामा विजय व्यास ने भी दम तोड़ दिया। जबकि युवक के पिता जनाधर व मित्र राजेश की हालत गंभीर बनी हुई। परिवार में एक साथ तीन लोगों की मौत होने से परिजन बेसुध हो गए। पुलिस ने शवों को मेडिकल यूनिवर्सिटी के र्मोच्युरी में रखवाया है। जबकि अभिषेक का शव एंबुलेंस में है। हादसे की जानकारी पर अन्य परिजन इटावा पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हो रहा था।