फोटो संख्या35- सैफई में चोरी के बाद खेतों में पड़ा सामान
- फोटो : ETAWAH
सैफई। वैदपुरा थाने से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित सुपर मार्केट की एक ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोर शुक्रवार देर रात अलमारी उठा ले गए। उसके अंदर करीब ढाई लाख का सामान था। शनिवार सुबह शटर टूटा देख दुकान मालिक ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच कर रही है।
वैदपुरा निवासी राहुल गुप्ता की सुपर मार्केट में दुकान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को वह दुकान बंद करके रोज की तरह घर चले गए थे। देर रात चोर दुकान के शटर को तोड़कर अंदर घुस गए। चोर अलमारी को उठाकर दुकान से करीब 100 मीटर दूर स्थित खेत में ले गए। जहां अलमारी का ताला तोड़ा और उसमेें रखे करीब ढाई लाख रुपये के जेवर व कागजात चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह चाचा नवीन गुप्ता ने दुकान का शटर उठा देख कर उन्हें जानकारी दी। सूचना पर वैदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
इसके बाद फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। पुलिस ने दुकान मालिक व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और डॉग स्क्वायड को दुकान से करीब 100 की दूर खेत में खाली अलमारी मिली। दुकानदारों का कहना है कि चौराहे पर पुलिस तैनात रहती है, फिर चोरी हो गई, जो पुलिस के लिए एक चुनौती है। थाना प्रभारी संजय कुमार दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा ही है।