फोटो संख्या 17- जनता कालेज बकेवर में बीएड की परीक्षा में शामिल होने जाते परीक्षार्थी
- फोटो : ETAWAH
इटावा। जिले के 15 केंद्रों पर शुक्रवार को दो पालियों की बीएड की प्रवेश परीक्षा कराई गई। इस प्रवेश परीक्षा में कुल 5045 परीक्षार्थियों में से 523 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में परीक्षा के दौरान कोरोना से संबंधित नियमों का पालन करने के लिए सभी इंतजाम किए गए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने सुबह की पाली में जनता कॉलेज बकेवर स्थित परीक्षा केंद्र सहित कुछ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। शाम की पाली में भी अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाये गए कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। सभी परीक्षा केंद्रों के कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। परीक्षा के चलते सुबह से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस कारण सुबह 9 बजे से पहले ही सड़कों पर काफी भीड़ दिखाई दी। यही स्थिति शाम 5 बजे के बाद रही। पहली पाली में सुबह 9 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा कराई गई।
बकेवर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार बीएड प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को बकेवर के दो केंद्रों पर हुई। विश्वविद्यालय ने केके डिग्री कॉलेज इटावा के दो केंद्रों को निरस्त कर बकेवर के जनता डिग्री कॉलेज में 400 परीक्षार्थियों व जनता विद्यालय इंटर कॉलेज में 400 परीक्षार्थियों के लिए नए केंद्र बनाए थे। जनता डिग्री कॉलेज केंद्र पर केंद्राध्यक्ष प्राचार्या डॉ नलिनी शुक्ला व जनता विद्यालय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अनिमेष वर्मा की देखरेख में परीक्षा हुई। प्रश्नपत्र सुबह सात बजे एसडीएम भरथना हेमसिंह ने लेकर केंद्राध्यक्ष को सौंपे थे। केंद्रों के मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी लेकर कॉलेज में प्रवेश दिया गया। बिना मास्क के किसी को प्रवेश नही दिया गया।
सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए सीओ भरथना विजय सिंह, तहसीलदार भरथना हरिश्चंद्र, नायब तहसीलदार विशाल यादव, लेखपाल आशीष शर्मा के साथ थाना प्रभारी बकेवर राजेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी ऊसराहार व भरथना मय फोर्स मौजूद रहे।