इटावा। शहर के तिकोनिया बाजार में सोमवार सुबह नगरपालिका का आउटसोर्सिंग कर्मी खंभे पर चढ़कर एक निजी व्यक्ति की लाइन ठीक कर रहा था। इस दौरान पेट में तार छूने से वह करंट की चपेट में आकर खंभे से नीचे गिर गया।
हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस व 108 एंबुलेंस पहुंची, इस पर परिजन मुआवजे की मांग लेकर हंगामा करने लगे। चेयरमैन व ईओ ने ठेके पर एक नौकरी व प्रशासन से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
अंसारी कालोनी निवासी रुस्तम (48) नगर पालिका में आउटसोर्सिंग पर बिजली कर्मी का काम करता था। उसके बेटे शाहरुख ने बताया कि पिता एक बिजली कर्मी के साथ तिकोनिया बाजार स्थित एक निर्माणाधीन दुकान के मालिक के कहने पर खंभे पर चढ़ उसकी विद्युत लाइन को ठीक कर रहे थे।
इस दौरान पेट में तार छू जाने वह करंट की चपेट में आ गए और खंभे से नीचे गिर गए। जानकारी पर वह लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के आने से पहले ही पिता की मौत हो गई।
इधर रुस्तम की मौत से परिजनों का गुस्सा फुट पड़ा और वह पुलिस व एंबुलेंस के देर से पहुंचने का बात कहते हुए हंगामा करने लगे। हंगामा होने की वजह से बाजार में जाम लग गया। पुलिस ने परिजनों को समझा कर शांत कराया।
इसके बाद शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव नहीं उठाने दिया। एसएसआई राजेश कुमार व पुराना शहर चौकी इंचार्ज कपिल चौधरी ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
इस पर वह लोग मुआवजे की मांग और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग करने लगे। मुआवजे के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। इस दौरान करीब दो घंटे से अधिक हंगामा चला।
पुलिस ने परिजनों से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली के कार्यवाहक थानाध्यक्ष विष्णुकांत गुप्ता ने बताया कि दुकानदार के कहने पर बिजली कर्मी खंभे पर चढ़ा था। उसने शटडाउन नहीं लिया था, इस कारण हादसा हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों से तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के एक सदस्य को मिलेगी नौकरी
नगर पालिका के चेयरमैन नौशाबा खानम ने बताया कि रुस्तम नगर पालिका में आउटसोर्सिंग बिजली कर्मी था। परिजनों ने मुआवजे की मांग की है। इस आधार पर मृतक के परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्सिंग पर नौकरी और बीमा योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
तिकोनिया बाजार में एकत्र सैकड़ो की संख्या में भीड़- फोटो : ETAWAH
जांच पड़ताल करते पुलिस कर्मी- फोटो : ETAWAH