इटावा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को शिक्षकों की समस्याओं के संबंध में एडी बेसिक राजेश कुमार शाही से मुलाकात कर उन्हें आठ सूत्री ज्ञापन दिया।
मंडलीय महामंत्री संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोविड संक्रमण से असमय मृत्यु को प्राप्त हुए शिक्षकों के आश्रितों को शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए। उनके समस्त देयकों का भुगतान शीघ्र हो।
शिक्षकों को प्रति सेवा वर्ष के सापेक्ष मिलने वाले एक दिन के उपार्जित अवकाश की गणना कर मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश लेखा अपडेट किया जाय। दिव्यांग शिक्षकों को नवीन शासनादेश के क्रम में संशोधित दर से वाहन भत्ता स्वीकृत कर भुगतान किया जाय।
एडी बेसिक ने उन्हें समस्याओं के निस्तारण के प्रति आश्वस्त किया। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेशीय उपाध्यक्ष श्रीराम शुक्ला, जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार त्रिपाठी, मंडलीय अध्यक्ष प्रताप कटियार, आदित्य द्विवेदी, चंद्र दीप सिंह यादव, हिमांशु गुप्ता, जितेंद्र सिंह यादव आदि रहे।