कार में मृत अवस्था में पड़े संदीप व खुशबू
- फोटो : अमर उजाला
भरथना (इटावा)। प्रेमी-प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार को इनके शव बोलेरो गाड़ी में मिले। गाड़ी, भरथना थाना क्षेत्र में ग्राम चडरौआ के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बन रहे फ्रेट कॉरिडोर पर खड़ी थी। मौका मुआयना के बाद एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि युवक के पास से तमंचा मिला है। शुरुआती जांच में तो यही लगता है कि युवक ने प्रेमिका की हत्या करके खुद को भी गोली से उड़ा लिया। दूसरी ओर गांववालों का कहना है कि बोलेरो के पास तीन-चार अन्य गाड़ियां भी खड़ी थीं। इन पर सवार लोग हत्यारे हो सकते हैं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम कटेखेरा निवासी बृजेश यादव का 25 वर्षीय पुत्र संदीप यादव उर्फ शिंपू अपने मामा अखिलेश की बोलेरो चलाता था। अखिलेश, इकदिल थाने के पिलखर गांव का निवासी है। बोलेरो, रेलवे के फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण कार्य में लगी है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे 100 डायल पर सूचना आई कि ग्राम चडरौआ के पास बोलेरो में युवक-युवती मृत पड़े हैं। थाना पुलिस व आला अफसर मौके पर पहुंचे। उससे पहले ही संदीप यादव के मामा अखिलेश यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक की शिनाख्त अपने भांजे संदीप यादव और युवती की शिनाख्त भांजे के गांव के ही सुरेंद्र यादव की पुत्री खुशबू (23) के रूप में की। उन्होंने बताया कि दोनों में प्रेम संबंध थे।
पुलिस ने युवती के मां बाप को सूचना देकर बुलवाया। उसके भाई रिंकू व अन्य परिजनों ने भी खुशबू की शिनाख्त की। युवक का शव ड्राइविंग सीट पर था। उसके माथे पर गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक बगल की सीट पर युवती का शव था। उसकी बायीं कनपटी में लगी गोली दायीं कनपटी से पार हुई, जो कार का शीशा तोड़ते हुए निकल गई। पुलिस को बोलेरो के अंदर कारतूस का एक खोखा मिला। दूसरा खोखा तमंचे में फंसा था। संदीप के पास एक जिंदा कारतूस भी मिला।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने कानपुर, लखनऊ और इटावा से फोरेंसिक टीमों को बुलाया। फोरेंसिक टीम को युवक के हाथों में लड़की के बाल भी मिले। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले प्रेमी-प्रेमिका में झगड़ा भी हुआ था। एसएसपी ने बताया कि कई बिंदुओं पर तहकीकात की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तस्वीर और साफ हो जाएगी।