मोहब्बत का छलावा कर किशोरी ने पहले युवक से फोन पर दोस्ती गांठी फिर मिलने के बहाने बुलाकर साथियों संग मिल उसे अगवाकर लिया। किशोरी ने फिरौती के रूप में अपने प्रेमी की कीमत 60 लाख रुपये मांगी। घटना के बाद क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस की मदद से पूरी साजिश का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने किशोरी समेत उसके छह साथियों को गिरफ्तार कर अपहृत को मुक्त करा लिया।
एसएसपी डॉ राकेश सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में पूरे मामले का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि बसरेहर क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने साजिश के तहत खेड़ा बुजुर्ग गांव निवासी विजय कुमार के पुत्र संजय जाटव से फोन पर दोस्ती की। 14 जनवरी को उसने संजय को फोन करके सिविल लाइन क्षेत्र के पथरी बाबा मंदिर जसोहन बगिया पर मिलने के लिए बुलाया। संजय उससे मिलने पहुंचा तो किशोरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण करा लिया।
इसके बाद 29 जनवरी को अपहृ़त युवक के पिता के मोबाइल पर फोन करके किशोरी के साथी ने 60 लाख की फिरौती मांगी। पिता से सूचना मिलने के बाद पुलिस अपहृत की तलाश में जुट गई। क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया। फिरौती मांगने के लिए इस्तेमाल किए गए फोन नंबर से पुलिस को क्लू मिला। पुलिस टीम ने पछायगांव थाना के सुरेखीपुरा गांव निवासी गुड्डू पुत्र रामसनेही के यहां दबिश दी तो अगवा संजय वहां बंधक बना मिला।
पुलिस ने उसे तो मुक्त करा लिया किंतु गुड्डू भागने में सफल रहा। इसके बाद युवक ने पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने किशोरी सहित छह अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इनमें सुघर सिंह पुत्र मौजीराम, छत्रपाल सिंह पुत्र कन्हैयालाल, देशराज पुत्र रामसनेही निवासीगण पुरा बसावन सिंह थाना पछायगांव, मनोज पुत्र रामदास निवासी खांद जसोहन थाना सिविल लाइंस, पिंटू उर्फ प्रेम पुत्र रघुवीर सिंह निवासी अकबरपुर थाना बसरेहर शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि दबिश के दौरान उदयवीर उर्फ डीलर पुत्र मौजीराम निवासी पुरा बसावन सिंह थाना पछायगांव, विपिन पुत्र विजयवीर निवासी जसोहन बगिया, झंडू निवासी धुआं का नगरा थाना जसवंतनगर भाग जाने में सफल रहे। पकड़े गए लोगों के कब्जे से दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि अपहृत युवक को आठ दिन तक बीहड़ में रखा गया। झंडू व छत्रपाल यहां उस पर निगरानी रखते थे। अपहरण कांड का मास्टर माइंड सुघर सिंह व उदयवीर का युवक के घर आना जाना था। उक्त लोग फिरोजाबाद में भी अपहरण की एक वारदात को अंजाम दे चुके हैं। एसएसपी ने थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार व प्रभारी क्राइम ब्रांच रोहित तिवारी व उनकी टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की।