पइंसा। बेखौफ चोरों ने बृहस्पतिवार की रात पइंसा गांव के एक घर से 30 हजार रुपये के साथ करीब दो लाख रुपये के गहने पार कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे, उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी सुबह जागने पर हुई। भुक्तभोगी परिवार ने घटना की जानकारी पइंसा पुलिस को दे दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।
पइंसा गांव निवासी संजय कुमार खाड़ी देश में रहता है। गांव पत्नी और बच्चे ही रहते हैं। उसकी पत्नी शर्मिला देवी ने बताया कि रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद वह बच्चों के साथ मकान की ऊपरी मंजिल में बने कमरे में सो गई थी। मुख्य दरवाजे की सांकल तोड़कर मकान में दाखिल हुए चोरों ने कमरे, संदूक और आलमारी का ताला चटकाकर 30 हजार नगदी के साथ करीब दो लाख रुपये के गहने आदि अन्य सामान पार कर दिया।
सुबह सोकर उठने पर जब वह नीचे आई, तो दरवाजे के ताले टूटे और कमरों में बिखरा सामान देख उसके होश उड़ गए। घर से कीमती सामान गायब देख वह चीखने-चिल्लाने लगी। शोर पर आसपास के ग्रामीण जुट गए। गांववालों ने चोरी की जानकारी पइंसा कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना किया। उधर, दोपहर पीड़िता ने घटना की तहरीर भी पुलिस को दी। आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने जांच की बात कहकर उसे लौटा दिया। घर में हुई चोरी की रिपोर्ट खबर लिखे जाने तक पुलिस ने दर्ज नहीं की थी। मामले में एसओ पइंसा राम आसरे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच बाद रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।