भरथना। बकरीद पर मायके वालों ने बेटी से बात करने के लिए मोबाइल पर फोन किया तो पति ने बात कराने से मना कर दिया। इस पर किसी अनहोनी की आशंका से मैनपुरी से पिता व दो भाई गुरुवार की सुबह कुसुना गांव स्थित ससुराल पहुंच गए। इस पर ससुराल वालों ने महिला, उनके पिता व दोनों भाइयों को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने कोतवाली में ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव निवासी साबिर की पुत्री अफसाना बानो का ब्याह कुसुना गांव में हुआ है। अफसाना बानो ने पुलिस को बताया कि पति आए दिन किसी न किसी बात को लेकर मारपीट व गालीगलौज करते है। बुधवार को बकरीद पर पति के मोबाइल पर भाई लालू की कॉल आई। भाई लालू ने उससे बात कराने के लिए कहा तो पति ने मना करते हुए कॉल काट दी।
इस पर मायके वाले परेशान हो गए। गुरुवार सुबह मैनपुरी से पिता साबिर अली, भाई लालू व दीपक कार से मिलने आ गए। यह देख पति समेत ससुराल वालों ने उससे व उसके मायके वालों से गालीगलौज की। आरोप है कि ससुराल वालों ने लाठी-डंडों व सरिया से मारपीटकर मायके वालों को घायल कर दिया। मारपीट में महिला के शरीर, साबिर अली के हाथ व दीपक के सिर में चोटें आई है। कोतवाली प्रभारी बचन सिंह सिरोही ने बताया कि महिला की तहरीर लेकर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।