इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौबिया क्षेत्र के चैनल नंबर113 पर नगला बरी गांव के सामने बुधवार की देर रात सड़क पर खड़े ट्रक से टकराने के बाद डीसीएम में पीछे से खुर्जा डिपो की रोडवेज बस भिड़ गई, जिससे पांच सवारियां घायल हो गईं।
हादसे से चीख पुकार मच गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस क्षतिग्रस्त हो गई और गेट जाम हो गया। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम व थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस का आपातकालीन गेट खोलकर यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसे में बस पर सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया, जबकि मामूली रूप से चुटहिल कई यात्री हादसे के बाद दूसरे साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर एक्सप्रेसवे की यातायात व्यवस्था सुचारु कराया। आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र निवासी हरीशंकर परिचालक दीपक के साथ डीसीएम पर जनरेटर लादकर आगरा से बलरामपुर जा रहा था।
रात करीब दो बजे एक्सप्रेसवे पर नगला बरी गांव के सामने सड़क पर खड़े एक ट्रक से डीसीएम टकरा गई। इससे डीसीएम पलटने के बच गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक व परिचालक हाईवे पर डीसीएम सड़क के किनारे खड़ी करके चले गए।
उसी दौरान दिल्ली से उन्नाव जा रही 54 सवारियां से भरी रोडवेज बस डीसीएम में पीछे से आ टकराई। इससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। सभी यात्री बस में फंस गए। यात्रियों की चीख सुनकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों ने सूचना पुलिस व यूपीडा के अधिकारियों को दी।
यूपीडा की टीम व पुलिस ने मौके पर पहुंचे यात्रियों को आपातकालीन गेट खुलवाकर बाहर निकाला। थाना प्रभारी के मुताबिक, हादसे में बस पर सवार बांगरमऊ उन्नाव निवासी गंगाराम की पत्नी अनीता देवी, फेहतपुर के रामकुमार की पत्नी किरण देवी, मलिहाबाद लखनऊ के नैंसी रावत समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सभी घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों को मामूली चोट आई थी। सभी यात्रियों को दूसरे साधनों से गंतव्य को भेजा गया है। इसके साथ ही घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से सैफई पीजीआई भेजा गया।
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बस व डीसीएम को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया है। जांच में सामने आया कि बस चालक को झपकी आ गई थी, इसलिए वह डीसीएम को नहीं देख सका था।
एक्सप्रेसवे पर कार में आग, बाल-बाल बचे लोग
इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौबिया क्षेत्र के चैनल नंबर 121 पर बनी हरदू गांव के पास तेज रफ्तार से जा रही कार में अचानक आग लग गई, जिससे वाहनों के पहिये थम गए।
राहगीरों के शोर मचाने पर कार सवार लोग बाहर निकल आए। उसके बाद कार धू-धू कर जलने लगी। सूचना पर यूपीडा की टीम व थाना पुलिस ने पहुंचकर कार में लगी आग पर काबू पाया।
जम्मू के श्रीनगर निवासी मुकेश बाबू परिवार के घनश्याम की पत्नी आराधना, नागेंद्र के बेटे प्रतीक सिंह और विनय अग्रवाल के साथ कार से दिल्ली से लखनऊ की तरफ जा रहे थे। कार जैसे ही चौबिया क्षेत्र के बनी हरदू गांव के पास में पहुंची, तो कार से धुआं उठने लगा।
यह देख एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों ने अपने वाहन रोक दिए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर कार सवार लोग जान बचाने के लिए बाहर निकल आए। सूचना पर चौबिया थाना पुलिस व यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
थाना प्रभारी अंकुश राघव ने बताया कि इंजन में शार्ट सर्किट से कार में आग लगी थी। कार पर सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए हैं।