सैफई। नर्सिंग और कंबाइंड इंपलाइज एसोसिएशन यूपीएमएस के आह्वान पर कर्मियों ने बृहस्पतिवार को प्रशासन चेतना रैली निकाली। रैली में कुलसचिव हटाओ यूनिवर्सिटी बचाओ के नारे लगाते हुए मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
आयुर्विज्ञान विवि में कर्मचारी यूनियनों का काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराते हुए पिछले 6 नवंबर से कार्य किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को करीब दो सैकड़ा की तादात में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों ने विवि के प्रशासनिक भवन से चेतना प्रशासन रैली को निकाली, जो सैफई घंटाघर होते हुए तहसील परिसर में समाप्त हुई।
इस दौरान कर्मचारियों ने कुलसचिव हटाओ यूनिवर्सिटी बचाओ के नारेबाजी करते हुए एसडीएम ज्योत्सना बंधु को ज्ञापन दिया। नर्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल गोयल एवं कंबाइंड इंपलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि लगातार 13 दिन से प्रदर्शन करते हुए कार्य कर रहे हैं।
विवि प्रशासन ने एक भी बार बात सुनने की कोशिश नहीं की है। प्रशासन चेतना रैली निकालने का उद्देश्य विवि प्रशासन द्वारा एक भी बात नहीं मानने के विरोध में थी।
विवि प्रशासन ने मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया तो 21 नवंबर से कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष योगेश यादव का कहना है शासनादेश जारी होने के बाद में भी विवि कुलसचिव आदेश लागू नहीं कर रहे हैं।
हर जगह कर्मचारियों को कोरोना प्रोत्साहन भत्ता मिल गया, लेकिन विवि के कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिला है। कर्मचारियों की मांग है कि विवि के गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को शासन प्रशासन से स्वीकृत भत्ते दिए जाएं। कैडर पुनर्गठन, एमएसीपी भर्तियां की जाएं।
इस मौके पर अनिल गोयल, धर्मेंद्र यादव, योगेश यादव, संतोष मौर्य, अमित तिवारी, धीरज कुमार, गणेश, मयंक, देवेश, आदित्य तिवारी, सरोज कुमार, हरिओम, नीरज कुमार, शिवानंद, आशीष, राकेश कुमार, अनुराग, सुनील शर्मा, नितिन मिश्रा, राजीव कुमार, राजेश शर्मा, उमेश सिसोदिया, अमित सिंह, भानु प्रताप आदि मौजूद रहे।