बकेवर। नवागत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने सोमवार को कस्बा लखना आकर शौर्य दुबे के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बिजली विभाग के कैशियर के घर पर भी पहुंचकर जानकारी ली।
कैशियर का 12 साल का बेटा छह माह से लापता है। कस्बा लखना निवासी स्टेशनरी व्यवसायी अवनीश दुबे के पुत्र शौर्य दुबे की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। अभी तक घटना के आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं।
सोमवार को नवागत एएसपी ग्रामीण ने लखना बालक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर घटना के बारे जानकारी ली। स्टेशनरी व्यवसायी अवनीश दुबे के छह वर्षीय पुत्र शौर्य दुबे 10 दिसंबर को शाम पांच बजे घर के बाहर से खेलते समय लापता हो गया था।
20 दिसंबर को उसका शव हमीरपुरा मंदिर के पास यमुना नदी के किनारे पड़ा मिला था। पुलिस मामले का अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। एएसपी ने बालक के घर के पास खेलने वाले स्थान व डॉग स्क्वाड के जाने वाले स्थान पर भी जाकर निरीक्षण किया।
शौर्य के पिता अवनीश द्विवेदी व ताऊ विकास द्विवेदी से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को जल्द खुलासा कराने करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान कार्यवाहक एसओ बकेवर यशवंत सिंह, लखना चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार मौजूद रहे।
इसके बाद एएसपी ने लखना कहारान मुहाल निवासी बिजली कर्मी गिरजेश बाबू के 12 वर्षीय लापता बालक सोम के मामले में भी उसके घर जाकर परिजनों से मुलाकात कर जानकारी ली।
करीब छह माह पूर्व घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। उस के बारे में भी अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।