इटावा। अकेले ही घूम-घूम कर लूटपाट करने वाले हिस्ट्रीशीटर महेंद्र चंद्र यादव को इकदिल पुलिस ने सराय जलाल से पहले सर्विस रोड कृपालपुर पर मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया।
तलाशी में पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस व वारदात में प्रयुक्त बाइक व लूटी गई चेन बरामद की। महेंद्र चंद्र ने जिले में लूटपाट की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है।
पुलिस का दावा है कि महेंद्र ने ही इकदिल ओवर ब्रिज पर बाइक से जा रही महिला से चेन लूटी थी। वारदात के दौरान महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
एसपी सिटी कपिल देव ने बताया कि इकदिल थाना प्रभारी रमेश सिंह टीम के साथ बुधवार की देर रात क्षेत्र सराय इकदिल से पहले सर्विस रोड कृपालपुर में बाइक से जा रहे युवक को पूछताछ के लिए रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने उसके दबोच लिया। एसपी के मुताबिक, पकड़ा गया महेंद्र चंद्र यादव बकेवर के खितौरा गांव का रहने वाला है। महेंद्र शातिर लुटेरा है और बकेवर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
महेंद्र पर लूट, डकैती समेत अन्य धाराओं के 22 मामले कई थानों में दर्ज है। एसपी के मुताबिक महेंद्र अकेले की लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। बताया कि वह अकेले की बाइक लेकर घूमता और मौका पाकर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।
बताया कि सात अक्तूूबर 2021 को बकेवर के अठल कड़ा गांव निवासी मनोज यादव पत्नी शशि देवी (45) व बेटे के साथ बाइक से जिला अस्पताल जा रही थी। उसी दौरान इकदिल ओवर ब्रिज पर महेंद्र बाइक से पहुंचा और झपट्टा मारकर शशि के गले से चेन तोड़ ली।
घटना के दौरान शशि गोद में लिए बच्चे समेत बाइक से गिर गई थी। बाद में उनकी सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में मौत हो गई थी। इसके अलावा बकेवर के बिजौली गांव के पास भी मनोज से एक महिला से लूटपाट की थी।
मनोज ने इन घटनाओं समेत जिले में लूटपाट की कई घटनाओ को अंजाम देने की बात कबूली है। एसएसपी ने 10 हजार का इनाम दिया है।