एटा। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से 50 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी से आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
विरामपुर निवासी गुड्डो देवी (50) मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे अपने घर से भैंसों को चारा डालने जा रही थीं। गांव के पास ही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग जमा हो गए। उन्होंने तुरंत घायल महिला को निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए।
यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते आगरा रेफर कर दिया। गुड्डो देवी को आगरा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है।