एटा। 15 वर्ष से अधिक के छात्र-छात्राओं का टीकाकरण करने के लिए शिक्षण संस्थानों में तीन दिवसीय अभियान चलाया जाएगा। शिक्षण संस्थाओं की जिम्मेदारी होगी कि कोई भी विद्यार्थी छूटने न पाए। छूटा तो संबंधित संस्थान को जवाब देना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक मिथलेश कुमार ने बताया कि 15 प्लस छात्र-छात्राओं के टीकाकरण का अभियान 17 से 19 जनवरी तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शिक्षण संस्थानों को अपने शत-प्रतिशत विद्यार्थी बुलाकर उनका टीकाकरण कराना है। इसके लिए शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किए गए हैं। छात्र-छात्राओं के टीकाकरण में किसी भी तरह से शिथिलता नहीं बरती जाएगी। अगर किसी विद्यालय के छात्र-छात्राएं टीकाकरण से छूटते हैं तो प्रबंधक और प्रधानाचार्य की जवाबदेही होगी।
डीआईओएस ने बताया कि डीएम ने भी आदेश जारी कर दिए हैं। बताया कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विद्यालयों में विशेष सावधानी एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कोविड नियमों का पालन और सामाजिक दूरी के साथ ही विद्यालयों का सैनिटाइजेशन कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।