उत्तर प्रदेश के एटा में चाचा-भतीजे शनिवार को बाइक से किसी कार्य से सिढ़पुरा जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर से टकराकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा। जहां चाचा को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। भतीजे का इलाज चल रहा है।
बागवाला थाना क्षेत्र के गढ़ी बेंदुला निवासी जितेंद्र (35) अपने भतीजे अंशुल के साथ शनिवार को सिढ़पुरा जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बकावली गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। इस हादसे में जितेंद्र व अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से इनको मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां जितेंद्र को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अंशुल का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की।