एटा। थाना कोतवाली नगर में विक्रांत निवासी श्याम बिहार कॉलोनी ने लक्ष्मी नारायण निवासी नसीरपुर हिम्मतपुर कोतवाली देहात सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि लक्ष्मी नारायण ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता से धोखेबाजी करते हुए हमारे विद्यालय की 1500 वर्गफीट जमीन अपनी पत्नी के नाम करा ली है।
विक्रांत ने बताया कि वर्तमान में वह श्याम सेवा संस्थान द्वारा संचालित विद्यालय श्याम बिहारी पब्लिक स्कूल के 2018 से पदेन प्रबंधक और सचिव हैं। पिता रामपाल सिंह 2018 में मानसिक रूप से बीमार हो गए थे, जिसकी वजह से उनके पद पर वह काम कर रहे हैं। पिता का आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में उपचार चल रहा है। इसकी जानकारी आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और उनके मित्रों को भी है। इसी दौरान पूर्व परिचित लक्ष्मी नारायण हाल निवासी श्याम बिहार कॉलोनी ने फायदा उठाते हुए 22 जुलाई 2021 को एक षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी करते हुए 1500 वर्गफीट जमीन अपनी पत्नी ममता के नाम करा ली।
इसके लिए श्याम सेवा संस्थान समिति और श्याम बिहारी पब्लिक स्कूल की प्रबंधन कार्यकारी से कोई अनुमोदन भी नहीं लिया गया। फर्जी तरीके से कराए गए बैनामा की शिकायत करने कोतवाली नगर में पहुंचे तो कोई सुनवाई नहीं हुई। रजिस्ट्री के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी प्रार्थना पत्र भेजा, वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद थक हारकर न्यायालय की शरण ली। तब कहीं जाकर कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।